राज्य मंत्री भारतसिंह कुशवाह ने अपनी मौजूदगी में कराया सीमांकन
बेहट में जल्द बनकर तैयार होगा आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन
ग्वालियर बेहट में अब जल्द ही आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकर तैयार होगा। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारतसिंह कुशवाह ने रविवार को अपनी मौजदगी में राजस्व विभाग की टीम से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए निर्धारित जमीन का सीमांकन करवाकर संबंधित एजेन्सी को उसका आधिपत्य दिलवाया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेहट में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण युद्ध स्तर पर कराएँ, जिससे दूरस्थ क्षेत्र में निवासरत जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस बात के लिये कटिबद्ध है कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े। बेहट में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिये राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के निर्देश पर क्षेत्रीय एसडीएम श्रीमती पुष्पा पुषाम, तहसीलदार तथा राजस्व विभाग की पूरी टीम सोमवार को वहाँ पहुँची थी।
बेहट मंडी को जल्द से जल्द क्रियाशील करें
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने मुरार ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान बेहट मंडी परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान एसडीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लश्कर कृषि उपज मंडी समिति से जुड़ी उप मंडी बेहट को जल्द से जल्द क्रियाशील करें, जिससे इस क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिल सके।

