ग्वालियर में हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब पर हिंदू सेना का गुस्सा फूटा, सैलून में की तोड़फोड़

ग्वालियर. विख्यात हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के खिलाफ ग्वालियर में भी आम लोगों का गुस्सा चरम पर है। शनिवार शाम हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने जावेद हबीब के फ्रेंचाइजी सैलून पर जाकर ना सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि उसे बंद भी करा दिया। हिंदू सेना का आरोप है कि सरेआम जावेद हबीब महिलाओं के बाल संवारने के नाम पर उनके सिर और चेहरे पर थूक रहा है और यहां उसके किसी भी सैलून को चलने नहीं दिया जाएगा। अचलेश्वर मंदिर के पास जावेद हबीब फ्रेंचाइजी सैलून में हिंदू सेना तोड़फोड़ मचा रही थी और पुलिस वहां से नदारद थी। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। सिर्फ ग्वालियर ही नहीं बल्कि देश के कई शहरों में इस तरह का उग्र प्रदर्शन हो रहा है।

क्या है पूरा मामला
शहर के अचलेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक जावेद हबीब के फ्रेंचाइजी हेयर सैलून पर शनिवार शाम हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने सैलून के बाहर जावेद हबीब नाम के बोर्ड को हटा दिया और तोड़ दिया। वहीं सैलून में आई महिलाओं को भी बाहर निकालकर अंदर कर्मचारियों को बाहर खदेड़ दिया इसके बाद हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने सैलून में जाकर वहां जमकर नारेबाजी की और तोड़फोड़ भी की। इस दौरान सैलून संचालक ने हिंदू सेना की कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना है कि वह भी हिंदू है और उन्होंने जावेद हबीब से फ्रेंचाइजी ली है जिसके एवज में करीब 8 लाख रुपया उसे चुकाया है। उनका अनुबंध 2023 तक था। देशभर में जावेद हबीब के खिलाफ चल रहे उबाल के कारण सैलून संचालिका ने जावेद हबीब का बोर्ड बैनर से ढक दिया था। फिर भी हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने उसे जमीन पर गिरा दिया और तोड़ दिया। सैलून संचालिका ने हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं की इस कार्रवाई को गलत बताया और कहा कि वह खुद भी जावेद हबीब के इस कृत्य के खिलाफ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *