मप्र बीजेपी व सत्ता में घबराहट, किस राज से पर्दा उठाना चाहती है सीबीआई, गृहमंत्री अपनी सुरक्षा छोड़कर निजी वाहन से दिल्ली गए थे

भोपाल. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक ठेके को लेकर देश की नामी कंस्ट्रक्शन कंपनी दिलीप बिल्डकॉन के एक कर्मचारी को सीबीआई ने 20 लाख रुपए की रिश्वत देने के मामले में गिरफ्तार किया था। यह मामला भले ही ठंडा हो गया लेकिन अंदर जांच की आग सुलग रही है। सीबीआई जिस तरह पड़ताल कर रही है उससे बीजेपी और सत्ता में घबराहट दिखाई दे रही है।

BJP में इसलिए क्योंकि एक महिला पदाधिकारी का भाई इस कंपनी में वर्षों से सीधे जुड़ा है। सत्ता में इसलिए क्योंकि दूसरा भाई सरकार में अंदर तक दखल रखता है। दोनों को CBI का नोटिस मिलने की हवा भी चल रही है। इतना ही नहीं, CBI ने मध्यप्रदेश के एक बड़े उद्योगपति के बैंक लोन के पुराने मामले को खोदकर निकालने की कवायद शुरू कर दी है। सुना है कि इस मामले में मुंबई की एक टीम ने भोपाल में आकर पूछताछ भी की है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारे में यह सवाल घूम रहा है कि आखिर CBI किस ‘राज’ से पर्दा उठाना चाहती है।

गृहमंत्री अपनी Z श्रेणी की सुरक्षा छोड़कर निजी वाहन से दिल्ली गए थे
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दिल्ली गए थे। वैसे तो वे महीने में एक-दो बार आलाकमान के दर पर जाते ही हैं, लेकिन इस बार उनका दिल्ली जाना सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बना रहा। वजह यह थी कि वे दिल्ली तो गए, लेकिन विशेष विमान लेकर। वहां भी अपनी Z श्रेणी की सुरक्षा को छोड़कर एक निजी वाहन में घूमें। जैसे ही यह खबर भोपाल पहुंची, वही पुराने कयास कि क्या सरकार में कोई बदलाव हो रहा है? मिश्रा से जब भोपाल लौटने के बाद दिल्ली दौरे के बारे में मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने नो कमेंट्स कह कर पल्ला झाड़ लिया। इससे सियासी कयासों को और बल तब मिला, जब वे PWD मंत्री गोपाल भार्गव के घर अचानक पहुंच गए। उन्होंने इसकी बाकायदा फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। भार्गव के घर पर फिर मीडिया का जमावड़ा लग गया। दोनों नेताओं के बीच करीब आधा घंटा बंद कमरे में बात हुई। इसके बाद वे मीडिया के दूरी बनाते हुए वहां से चले गए। इस पूरे घटनाक्रम पर BJP के एक बड़े नेता ने कहा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा जो कदम उठाते हैं, उनकी कोई न कोई राजनीतिक वजह जरूर होती है। ‘दिल्ली रन’ पर वे कहते हैं- कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना। मतलब, नरोत्तम जो करते हैं,उसका असर कहीं और होता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *