ग्वालियर में 32 बच्चे संक्रमित, बच्चों के इलाज की एडवाइजरी शाम तक जारी होगी
ग्वालियर. 1 जनवरी से लेकर 6 जनवरी के बीच 32 बच्चे कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। इनमें से 7 बच्चों की उम्र तो 9 साल से भी कम है पर सबसे बड़ी समस्या इन बच्चों के कोरोना प्रोटोकॉल के तहत ट्रीटमेंट की है। मुरैना के एक केस में डॉक्टर द्वारा बच्चे को स्टेरॉयड देने की बात सामने आई है। बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों ने इसे घातक माना है। उनका कहना है कि शुरुआत में बच्चों को स्टेरॉयड देना गलत है। अब ग्वालियर कलेक्टर ने चाइल्ड स्पेशलिस्ट पैनल से बच्चों के एडवाइजरी जारी करने के लिए कहा है। शनिवार को पीडियाट्रिक डॉक्टरों की एसोसिएशन कोरोना में बच्चों के इलाज की एडवाइजरी जारी की जाएगी।
10 से 18 वर्ष तक की आयु वाले 25 बच्चे कोविड से संक्रमित
ग्वालियर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मोतीमहल स्थित कंट्रोल कमांड सेंटर से कोविड पॉजिटिव बच्चों के पेरेंट्स से कॉल कर बात की। बच्चों को दिए जा रहे इलाज पर चर्चा की है। कलेक्टर ने जब अभिभावकों से बच्चों की स्थिति, ट्रीटमेंट और कोविड होने के कारणों को जाना तो हैरान करने वाले तथ्य सामने आए। महिला बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह ने बताया ग्वालियर में 9 साल से कम आयु वाले 7 बच्चे कोविड पॉजिटिव हुए हैं और 10 से 18 वर्ष तक की आयु वाले 25 बच्चे कोविड से संक्रमित हैं। यह सभी होम आईसोलेशन में हैं। यह सभी ट्रेवल हिस्ट्री वाले बच्चे हैं। कोई बटिंडा, अमृतसर, दिल्ली, मुंबई, मेरठ, ऋषिकेश आदि शहरों से बच्चे आए हैं और इस दौरान ही वे संक्रमण की चपेट में आए।
शाम तक जारी हो सकती है एडवाइजरी
मुरैना की बच्ची का केस सामने आने के बाद कलेक्टर ने पीडियाट्रिक डॉक्टरों को बुलाकर एक मीटिंग की, जिसमें तय किया गया कि शनिवार को पीडियाट्रिक डॉक्टरों की एसोसिएशन के द्वारा कोविड पॉजिटिव बच्चों के ट्रीटमेंट को लेकर एक एडवाइजरी जारी की जाएगी, जिसमें स्टेरॉयड के इस्तेमाल पर रोक की बात कही जाएगी साथ ही बताया जाएगा कि कोरोना संक्रमित बच्चों को किस तरह ट्रीटमेंट दिया जाएगा। यह एडवाइजरी बहुत अहम साबित होगी, क्योंकि माना जा रहा है कि तीसरी लहर में सबसे ज्यादा बच्चे ही संक्रमित होंगे।
