चुनाव आयोग व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच हुई मीटिंग, दोनों डोज वाले को ही पोलिंग बूथ में एंट्री देने की तैयारी
नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बावजूद पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को टालने का फैसला अभी नहीं किया गया है लेकिन मतदान केंद्रों पर वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाने वालों की एंट्री बंद की जा सकती है इसके लिए गुरूवार को चुनाव आयोग और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच हुई मीटिंग में चर्चा की गई, हालांकि अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
एक्सपर्टस ने सुझाए मतदान कराने के लिए सुरक्षा उपाय
बैठक में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल, ICMR के महानिदेशक बलराम भार्गव और AIIMS दिल्ली के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, इन एक्सपर्टस ने चुनाव कराने की स्थिति में लागू किए जाने वाले सुरक्षा मानकों को लेकर सलाह दी। एक्सपर्टस ने पोलिंग बूथ पर चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी कर्मचारियों और वोट डालने वाले वोटर्स के लिए कम्पलीट वैक्सीनेशन यानी दोनों डोज लगवाना कम्पलसरी करने की एडवाइज दी है। इस एडवाइज को सभी ने सही भी माना, लेकिन अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
