महिला कांग्रेस कार्यकर्त्ता और पुलिस के बीच हुई झूमाझटकी, लक्ष्मीबाई की समाधि को गंगाजल से धोना था
ग्वालियर. रविवार, 26 दिसंबर को ज्योतिरादित्य सिंधिया एक दिन के प्रवास पर ग्वालियर आए थे। सिंधिया शाम 5.30 बजे प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचे थे। यह उनके तय कार्यक्रम में शामिल नहीं था। सिंधिया ने वीरांगना को पुष्पांजलि देकर नमन किया। हाथ जोड़कर माथा टेका। समाधि स्थल की परिक्रमा भी की। सिंधिया घराने को जानने वाले लोग बताते हैं कि इस तरह अचानक और सिर्फ माथा टेकने वह पहली बार ही पहुंचे हैं। जब कांग्रेस में थे, तब राहुल गांधी के साथ रोड शो करते हुए समाधि स्थल पहुंचे थे। व्यक्तिगत रूप से पहली बार ही आए हैं।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि पर माथा टेकने पर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। ग्वालियर की महिला कांग्रेस की शहर जिलाध्यक्ष रचि गुप्ता और कार्यकर्त्ता दोपहर के बाद समाधि को गंगाजल से धाने के लिये पहुंची। इस बीच पुलिस ने समाधिस्थल का गेट बन्द कर दिया। अन्दर जाने को लेकर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई। इससे पहले सुबह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता समाधि को गंगाजल से धो आये थे। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रूचि गुप्ता ने कहा है कि वीरांगना की आत्मा को दुःख पहुंचा है।
वीरांगना की समाधिस्थल को कुदरत बारिश के जरिये स्वयं शुद्ध कर देगी। रूचि ने कहा है जो लोग कलकत्ल पर हंस रहे थे। आज उस बुत पर फूल -माला चढ़ाकर हंस रहे हैं। मंसूबे तब भी वहीं थे। मंसूबे आज भी वहीं हैं। तब भी गद्दारी की थी और आज गद्दारी जनता के वोट के साथ की है। रानी लक्ष्मीबाई को तकलीफ कितनी हुई होगी। जब उनकी समाधि पर पैर रखा होगा। 1857 में सिंधिया घराने ने रानी से गद्दारी की थी। इसी घराने के मुखिया अब लक्ष्मीबाई की समाधि पर गये हैं। बतायें आज क्या जरूरत पड़ गयी, वहां जाने की? क्या मजबूरी थी लक्ष्मीबाई को नमन करने की?
क्यों खास माना जा रहा सिंधिया का लक्ष्मीबाई की समाधि पर जाना
इतिहास के जानकार डॉ. सुशील कुमार का कहना है कि इतिहास में महारानी लक्ष्मीबाई और सिंधिया राजवंश के बीच कोई विवाद का जिक्र नहीं है। पर, साहित्य के जानकारों ने लक्ष्मीबाई और सिंधिया घराने के विवाद के बारे में बताया है। सिंधिया घराने से लक्ष्मीबाई की समाधि पर कोई नहीं जाता है, ऐसा लोगों का मानना है। कवि सुभद्रा कुमारी चौहान की वीरांगना पर लिखी गई कविता में दोनों का जिक्र किया गया है।
