मप्र में तत्काल नई गाइडलाइन जारी, घर पर मनाना होगा नया साल, थिएटर-कोचिंग, जिम में दोनों डोज लगाने पर ही एंट्री
भोपाल. मध्यप्रदेश में लोग नए साल का जश्न खुलकर नहीं मना सकेंगे। सरकार ने तत्काल नई गाइडलाइन भी जारी कर दी है। ऐसे में लोग रात 11 से सुबह 5 बजे तक घर से नहीं निकल सकेंगे यानी रात 12 बजे नए साल के जश्न की जो तैयारियां की जा रही हैं, उन्हें झटका लगा है। सरकार ने 17 नवंबर को नाइट कर्फ्यू सहित कोविड की सभी पाबंदियां हटा दी थीं। सरकार ने कहा है कि जिम, कोचिंग, थिएटर, सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल में 18 साल उम्र से ज्यादा के उन्हीं लोगों को एंट्री मिलेगी, जिन्होंने दोनों डोज लगवा लिए हैं। बच्चों पर यह बंधन लागू नहीं होगा।
गाइडलाइन में ये साफ बातें
लोग खरीदारी के लिए मार्केट और मॉल आ-जा सकेंगे। इसके लिए व्यापारी संगठन दुकानदारों-कर्मचारियों को दोनों डोज लगवाने के लिए कहना होगा।
सरकारी कर्मचारियों को डोज लगवाना होगा। ड्यूटी पर भी आना होगा।
स्कूल, हॉस्टल, कॉलेज में शिक्षकों, कर्मचारियों और 18 साल से ज्यादा उम्र के छात्रों को वैक्सीन लगवाना होगा। अभी ये खुले रहेंगे।
जुर्माना शहर के अनुसार नियमानुसार रहेगा। यह अलग-अलग हो सकता है।
कॉलेज छात्रों को दोनों डोज लगाना अनिवार्य
मंत्री ने बताया कि इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज और कोचिंग में आने वाले सभी छात्रों को भी वैक्सीन के दोनों डोज लगवाना जरूरी है। जिम और भीड़ जमा होने वाली जगहों पर जाने वाले सभी लोगों को दोनों डोज लगवाना होगा। मंत्री ने कहा कि मास्क को लेकर रोको-टोको अभियान चलाया जाएगा। सभी जिलों में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोग मास्क लगाएं।
