मप्र में 24 घंटे में कोरोना के 23 मरीज मिले
भोपाल. कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट के खतरे के बीच एक चिंता बढ़ाने वाली खबर है। प्रदेश में सोमवार को कोरोना के 23 नए मरीज मिले हैं। कुल 53,638 सैंपल की जांच में इतने मरीज मिले हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में सामने आई है। एक दिन में मिले मरीजों का इस महीने का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके पहले दिसंबर में तीन दिन 21-21 मरीज मिले थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आरटी-पीसीआर सैंपलिंग की संख्या बढ़ाई तो प्रदेश में 9,841 सैंपलों की जांच सोमवार को नहीं हो पाई। इन सैंपलों की रिपोर्ट मंगलवार रात तक आने की उम्मीद है।
तीन महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार नए मरीजों में सर्वाधिक 10 भोपाल में और 9 इंदौर में मिले हैं, जबकि जबलपुर, राजगढ़, रीवा और सागर में एक-एक नया मरीज सामने आया है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी 188 तक पहुंच गया है। यह पिछले तीन महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा है। सागर में रविवार को एक मरीज की मौत हुई थी इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से इस साल मरने वालों का आंकड़ा 10,530 हो गया है।

