यूपी सरकार ने बढ़ाया राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता

लखनऊ. योगी सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 31 प्रतिशत किया। जुलाई 2021 से इसे प्रभाव से लागू किया जाएगा, इसके अलावा योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को नए साल पर बड़ा उपहार देने जा रही है।

वित्त विभाग इसकी तैयारी में जुट गया
प्रदेश के राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को नए साल पर तीन प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्ता व महंगाई राहत (डीए और डीआर) मिलेगा। वित्त विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। विभाग ने कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ी दर से डीए और डीआर देने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री की मंजूरी के लिए भेज दिया है। राज्य कर्मचारियों व पेंशनरों को बीती पहली जुलाई से तीन प्रतिशत की बढ़ी दर से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत मिलना है। अभी उन्हें 28 फीसद की दर से डीए-डीआर का भुगतान हो रहा है। तीन प्रतिशत बढ़ोतरी पर यह 31 प्रतिशत हो जाएगा। जुलाई से नवंबर तक के बढ़े डीए के एरियर की राशि कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते में जाएगी। डीए का नकद भुगतान उन्हें दिसंबर के वेतन के साथ जनवरी में किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने उपहारों की झड़ी लगा दी
इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उपहारों की झड़ी लगा दी। सभी पंचायत प्रतिनिधियों का प्रतिमाह 1500 रुपये तक मानदेय बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों को 5,000, ब्लाक प्रमुख को 11300 व जिला पंचायत अध्यक्ष को 15500 रुपये देने का ऐलान किया है। अब सूबे के करीब साढ़े सात लाख ग्राम पंचायत सदस्यों को भी मानदेय मिलेगा। सीएम योगी ने पंचायत प्रतिनिधियों के निधन पर स्वजनों को ग्राम पंचायत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने व ग्राम व जिला पंचायतों के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकारों में बड़ी बढ़ोतरी करने की भी अहम घोषणा की है। विकास कार्यों के लिए ग्राम पंचायत के वित्तीय अधिकार दो लाख रुपये प्रति कार्य से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया। ऐसे ही जिला पंचायतों के लिए प्रति कार्य 10 लाख की सीमा को बढ़ाकर 25 लाख रुपये किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *