मैरिज सर्टिफिकेट मिला तो खुशी से झूम उठी अनुप्रीत
ग्वालियर कनाडा निवासी श्रीमती अनुप्रीत कौर संधू को जब मैरिज सर्टिफिकेट मिला तो वे खुशी से झूम उठीं। अपर कलेक्टर एचबी शर्मा ने उन्हें मैरिज सर्टिफिकेट सौंपा। अनुप्रीत कौर ने ग्वालियर कलेक्ट्रेट में मैरिज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया था। पर उनके द्वारा कुछ दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
इस कारण उनका मैरिज सर्टिफिकेट बन नहीं पा रहा था। जिला प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान आकर्षित कराए जाने पर श्रीमती संधू ने दस्तावेज उपलब्ध कराने की पहल की। साथ ही जिला प्रशासन ने भी अपने स्तर पर प्रयास किए। फलतः बुधवार को अनुप्रीत कौर का मैरिज सर्टिफिकेट बन गया।
यह था पूरा मामला
ग्वालियर के पास गोहद ( GOHAD) निवासी नवजोत सिंह रंधावा (27) शेफ है। इससे पहले वह रसिया के एक बड़े होटल में शेफ हुआ करते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अपनी एक रिश्तेदार के जरिए भारतीय मूल की कैनेडियन अनुप्रीत कौर (40) से हुई थी। सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती हुई। अनुप्रीत बीते 20 साल से कनाडा में अपनी नानी के साथ रह रही है। साथ ही वह कनाडा की बेथम ब्रेक कंपनी में बतौर प्रोडक्शन इंजीनियर पदस्थ हैं। पहले पति से उनका तलाक हो चुका है। नवजोत सिंह रंधावा उम्र मंे उनसे काफी छोटे हैं, लेकिन दोनों ने एक दूसरे को अपने लिए चुना। दोनों परिवारों को भी रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी। इसलिए ग्वालियर के किला स्थित गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ पर 7 नवंबर 2020 में दोनों की अरेंज मैरिज हुई। गुरुद्वारा से सार्टिफिकेट भी मिल गया।
इसके बाद नए कपल ने ग्वालियर के कलेक्ट्रेट मंे मैरिज सार्टिफिकेट के लिए एप्लाई किया। बस यहीं से उनके खुशहाल जीवन में परेशानियों में इजाफा होना शुरू हो गया। इस दौरान अनुप्रीत ने एक बेटी को भी जन्म दिया।वहां कनाड़ा में बेटी के बर्थ सार्टिफिकेट पर भी पिता के नाम पर नवजोत सिंह का नाम है। पर यहां का प्रशासन मैरिज सार्टिफिकेट नहीं बना रहा था।
