MP में सेब उगाने की तैयारी
जबलपुर. किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास में प्रदेश की सबसे बड़ी जवाहर लाल नेहरू कृषि यूनिवर्सिटी जुटी है। इसके लिए कृषि विवि जबलपुर में सेब और कपास की खेती की नई संभावनाएं तलाशने में जुटा है। कपास का जहां बेहतर उत्पादन हुआ है। वहीं सेब का दो साल का पौधा पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं। अब उसमें फल आने का इंतजार किया जा रहा है।
सेब की खेती है संभव
सेब का नाम आते ही शिमला और कश्मीर का नाम जेहन में आता है, लेकिन अब जबलपुर भी सेब की खेती में पहचान बना सकता है। यहां पूरी परिस्थितियां हैं। अमरकंटक में सेब व नाशपाती की कई वर्षों पहले खेती होती रही है। कृषि विवि में दो साल पूर्व सेब के पौधे लगाए गए हैं, जो अच्छी बढ़वार लिए हैं। यदि यहां की परिस्थितियों में पौधे सर्वाइव नहीं करते तो अब तक सूख चुके होते।
सेब के पौधे तीन से चार साल में फलने लगते हैं
सेब के लिए जबलपुर का मौसम काफी अनुकूल माना जा रहा है। यहां साल भर धूप होती है। मिट्टी का पीएच 5 से 7 के बीच होनी चाहिए। यहां की मिट़टी भुरभुरी वाली है। इसके पौधे में पानी नहीं लगना चाहिए। वहीं इसके पौधे के लिए ठंड जरूरी है, लेकिन पाला नहीं पड़ना चाहिए। यहां ठंड में 7 से 20 डिग्री तक तापमान रहता है। सेब के पौधे तीन से चार साल में फलने लगते हैं। सितंबर-अक्टूबर के मध्य इसमें फूल आते हैं। 130 से 135 दिनों में ये तैयार हो जाते हैं।
