ग्वालियर में महिला का बैग युवक आटो से उठाकर भागा, पब्लिक ने पकड़कर पीटा
ग्वालियर. ग्वालियर जिले के हजीरा चौराहे पर चूड़ी मार्केट में शनिवार को खरीदारी करने के लिए आई महिला का बैग एक युवक आटो से उठाकर भाग गया। महिला ने जब शोर मचाया तो पब्लिक ने पीछा करके युवक को पकड़ लिया और जमकर ठुकाई लगा दी। इसके बाद युवक को किलागेट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपित गणेश बाल्मीक के खिलाफ चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
भाग रहे युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ा
कोटेश्वर कालोनी घासमंड़ी निवासी मीरा पत्नी मानसिंह शाक्य दोपहर को खरीदारी करने के लिए आटो से आई थी। आटो में महिला का बैग रखा हुआ था। महिला के आटो से उतरते ही एक युवक ने आटो में रखा बैग उठाकर भागने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर बैग उठाकर भाग रहे युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। बैग चोरी करते हुए युवक के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही किलागेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित गणेश बाल्मीक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
