सीएम के निरीक्षण के लिए सजाया 1000 बिस्तर का अस्पताल, खड़े रहे अधिकारी और सामने से निकल गया सीएम का काफिला

ग्वालियर. जयारोग्य चिकित्सालय में शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कार्डियोलॉजी, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और एक हजार बिस्तर के सी-ब्लॉक का निरीक्षण करने आना था। जीआरएमसी और जेएएच प्रबंधन बीते रोज से ही तैयारियों में लग गया था। कॉलेज और अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाएं बनाने में लगे रहे। सुबह से ही अस्पताल में जगह-जगह पुलिस बल तैनात हो गया। सी-ब्लॉक को द्वार की आकर्षक सजावट कर लाल कारपेट बिछा दिया। अस्पताल में मरीज कोई शिकायत न कर पाएं लिहाजा दवाओं की पर्याप्त इंतजाम करके रखे गए थे। सी-ब्लॉक में मुख्यमंत्री को दिखाने के लिए नए बेड बिछाने के साथ ही जेएएच से वेंटीलेटर और मॉनीटर वहां शिफ्ट कर कमरों में लगाए गए। देर शाम तक यह स्थिति थी कि किसी को नहीं पता था कि मुख्यमंत्री आएं या नहीं आएंगे।

सूचना मिली कि सीएम का काफिला 1000 बिस्तर के अस्पताल की तरफ ही आ रहा
5 बजे अधिकारियों को पता चला कि अब शायद ही मुख्यमंत्री आएं। लिहाजा वह ऑफिस आकर बैठ गए। इसी बीच सूचना मिली कि मुख्यमंत्री का काफिला 1000 बिस्तर के अस्पताल की तरफ ही आ रहा है। यह सुनकर डीन डॉ. समीर गुप्ता, अधीक्षक डॉ. आरकेएस धाकड़ सहित सभी वरिष्ठ चिकित्सक उनके स्वागत में सी-ब्लॉक के गेट पर खड़े हो गए। मुख्यमंत्री का काफिला उनके सामने से निकल गया, वह जेएएच में या सी-ब्लॉक में नहीं आए। लिहाजा पूरी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। इससे पहले ग्वालियर विमानतल पर मुख्यमंत्री अगवानी करने वालों में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री माया सिंह, इमरती देवी, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, मदन कुशवाह, रामबरन गुर्जर, भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *