सूदखोरी रोकने के लिए मप्र में चलेगा अभियान- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

भोपाल। सूदखोरी के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा। किसी भी साहूकार को नियम विरुद्ध काम करने की छूट नहीं दी जाएगी। यदि कोई ब्याज या अवैध वसूली के लिए परेशान करता है तो नजदीक के पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। गड़बड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह बात गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने चर्चा में कही। उन्होंने कहा कि भोपाल में जिस तरह से सूदखोरी की वजह से एक पूरा परिवार समाप्त हो गया, वो बेहद गंभीर मामला है। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे प्रदेश में सूदखोरों के खिलाफ अभियान चलाने जा रहे हैं। सरकार अधिनियम को संशोधित करके लागू भी कर चुकी है। कोई भी गैर पंजीकृत साहूकार न तो ब्याज की मांग कर सकता है और न ही सुरक्षा के लिए चल या अचल संपत्ति बंधक रख सकता है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई होगी।

भाजपा की वैक्सीन 2024 में लगेगी
वहीं उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल काफी समय से भ्रम फैला रहे थे लेकिन देश की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। कांग्रेस के नेता कहते थे कि इसे लगवाने वाले नपुंसक हो जाएंगे। इसमें तो चर्बी मिली हुई और ये तो भाजपा की वैक्सीन है। हमने उस समय भी कहा था कि यह कोरोना की वैक्सीन है। भाजपा की वैक्सीन तो 2024 में लगेगी, जिसका असर पांच साल तक रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *