ग्वालियर के कैफे में बदमाशों ने कर्मचारी को पिस्टल अड़ाकर पीटा, सिर पर लोहे की कुर्सी मारी
ग्वालियर. शहर में एक कैफे में 4 से 5 लड़के के घुसकर तोडफोड़ मचा दी । इनमें एक बदमाश हाथ में पिस्टल लिए है और लहरा रहा है। जब कर्मचारियों ने खुद को एक रूम में बंद कर लिया तो इस युवक ने गेट में गोली मार दी। इसके बाद कर्मचारियों को दरवाजा खोलना पड़ा। नशे में धुत बदमाशों ने एक कर्मचारी को पकड़कर कैफे के लॉन्ज में जमकर पीटा है। उसके ऊपर लोहे की कुर्सी कई बार पटकी गई, पानी की बोतल से सिर पर ही कई बार मारा गया। पिस्टल के बट मारे। हमला करने के बाद कैफे का गेट भी तोड़ दिया। जब वीडियो के बारे में पता किया गया तो जानकारी मिली कि यह वीडियो दो दिन पहले सिटी सेंटर में एक कैफे में झगड़े का है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास पहुंच गए हैं। पुलिस अफसरों का दावा है कि चार हमलावरों की पहचान हो गई है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर के सिटी सेंटर में एसपी ऑफिस के पास रैगनार कैफे है। यहां महाराजपुरा निवासी आलोक पुत्र रामप्रकाश यादव कर्मचारी है। दो दिन पहले की बात है। यहां कुछ लड़के कैफे में आए थे। लड़के नशे में धुत थे और वह कैफे में अन्य लोगें से हरकतें कर रहे थे। कमेंट कर रहे थे। इस पर कर्मचारी आलोक ने उनको समझाया और कैफे से बाहर जाने के लिए कहा था। इस बात पर युवक नाराज हो गए। उन्होंने कॉल कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया इसके बाद हमलावर हंगामा मचाते हुए कैफे के अंदर पहुंच गए। उनमें से एक बदमाश हाथ में पिस्टल लिए था। उनको देखते ही कर्मचारी स्टाफ रूम में घुस गए और दरवाजा लगा लिया। जो बदमाश पिस्टल लिए था उसने दरवाजे पर एक गोली मार दी। इसके बाद कर्मचारियों को दरवाजा खोलना पड़ा। बदमाशों ने सिर्फ आलोक को ही पकड़ा और बाल से घसीटते हुए बाहर लाए और लात घूसों से मारा।
पुलिस का कहना
इस मामले में एएसपी क्राइम राजेश डंडौतिया का कहना है कि कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हंगामा कर तोड़फोड़ और मारपीट करने वालों की तलाश की जा रही है। जल्द वह पकड़े जाएंगे।
