कोर्ट के आदेश पर एसडीएम-सीएसपी की टीम अचलेश्वर मंदिर ट्रस्ट ऑफिस पहुंची, 4 घंटे सभी चीजों की जांच की, ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को प्रशासन ने संभाला

ग्वालियर. कोर्ट के आदेश पर अचलेश्वर मंदिर ट्रस्ट के संचालन के अधिकार जिला प्रशासन को मिलने के बाद पहले ही दिन प्रशासन और पुलिस की टीम अचलेश्वर मंदिर व ट्रस्ट ऑफिस पहुंची। एसडीएम लश्कर अनिल बनवारियां और सीएसपी-तहसीलदार की टीम जांच पड़ताल के लिए पहुंची। इस दौरान याचिकाकर्ता संतोष राठौर और उनके अधिवक्ता भी उपस्थित रहे। एसडीएम को वहां तीन लाख 83 हजार रुपए कैश मिला जिसमें 3 लाख रुपए बैंक में जमा कराने के निर्देश दिए गए और 83 हजार रुपए सोमवार को होने वाले अन्नकूट आयोजन के लिए ट्रस्ट को दे दिए गए। दान-पेटी, कैशबुक और सोने-चांदी के छत्रों को सील कर दिया गया। वहीं कैशबुक को अपडेट कराने के निर्देश दिए गए। अन्नकूट के अयोजन पर प्रशासन अपने अधिकारियों-अमले की डयूटी लगा रहा है। ज्ञात रहे कि जिला कोर्ट ने शनिवार को अचलेश्वर ट्रस्ट को लेकर चल रहे मामले में अहम निर्णय सुनाते हुए प्रशासन को व्यवस्था अपने हाथ में लेने के आदेश दिए। अचलेश्वर मंदिर का संचालन अब कलेक्टर के पास रहेगा। शिकायतकर्ता संतोष सिंह राठौर ने अचलेश्वर ट्रस्ट में विभिन्न अनियमिततओं के बारे में बताया था जिसके बाद कोर्ट ने जांच दल भी बनाया और जांच कराई।

इंदरगंज थाने से आई सील,सिंघल से लीं चाबियां
एसडीएम और सीएसपी ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक का भी आयोजन किया। यहां मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। नरेंद्र सिंघल से चाबियां ले ली गईं। 15 नवंबर के बाद से मंदिर की कैशबुक को अपडेट नहीं कराया गया है। एसडीएम अनिल बनवारिया ने इस कैशबुक को अपडेट कराने के निर्देश दिए। चांदी के 30 छत्र मिले और एक डेढ़ किलो सोने का छत्र भी सील कर दिया गया। अन्नकूट और हलवाई का पूरा काम हरिदास अग्रवाल देखेंगे। वहीं चेकबुक को जब्त कर पासबुक को अपडेट कराने के लिए दे दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *