श्योपुर में जांच टीम पर हमले में एएसआई घायल, मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना का संज्ञान लिया
श्योपुर. इंदौर में स्वास्थ्य व पुलिस कर्मियों पर हमले की घटना के बाद अब श्योपुर के विजयपुर इलाके से कोरोना वॉरियर्स पर हमले का मामला सामने आया है। गसवानी गांव में हुई इस घटना में एक एएसआई घायल हुआ है। उधर गृह व स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी घटना का संज्ञान ले लिया है।
पत्थर में एक एएसआई को चोट लगी
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि गसवानी गांव में गुना से आए एक युवक के छिपे होने की सूचना पर कोरोना प्रोटोकॉल के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी लेकिन परिवार वालों की बदसलूकी और विरोध के बाद टीम लौट आई और फिर पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची लेकिन युवक के घरवालों ने विरोध किया और पत्थर फेंकने लगे इसमें एक आईएएस को चोट लगी है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार घटना में एएसआई श्रीराम अवस्थी के सिर पर चोट आई है जिन्हें इलाज के लिए विजयपुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया है। उधर घटना के बाद एसडीएम और एसडीओपी दल-बल के साथ गसवानी गांव का दौरा भी किया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया है जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घायल कोरोना वॉरियर्स से बात की
मध्य प्रदेश के गृह व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने श्योपुर में हुई घटना में चोटिल डॉक्टर पवन कुमार उपाध्याय और एएसआई श्रीराम अवस्थी से भी बात की और कहा कि सरकार कोरोना वॉरियर्स के साथ है और आपको अपना मनोबल ऊंचा रखना है। आप जैसे वीरों की मदद से ही हम कोरोना महामारी का अंत करेंगे।

