नगर निगम ने रेलवे स्टेशन स्थित सभी दुकानों पर डस्टबिन न होने पर चालान किया

ग्वालियर. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार नगर निगम का अमला स्टेशन बजरिया पहुंच गया। यहां दुकानों पर डस्टबिन न होने पर लगभग सभी दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, चाय-नास्ते की दुकानों के 100, 500 और हजार रुपये तक के चालान काटे। दुकानदारों को सख्ती से समझाया गया, तो सभी दुकानदार तुरंत बाजार में दौड़े और सूखा व गीला कचरे के लिए दो-दो डस्टबिन खरीदकर अपनी दुकानों के सामने रखे। करीब 50 लोगों के 30 हजार रुपये से अधिक के चालन किए गए, यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।

महीनों से पड़ा कचरा भी निगम के कचरा वाहनों में भरा
स्टेशन बजरिया स्थित नाली की सफाई गुरुवार तड़के कर दी गई। नाली से निकली गंदगी भी तत्काल उठा ली गई। रेलवे पार्किंग समेत अमेत अन्य कोनों में महीनों से पड़ा कचरा भी निगम के कचरा वाहनों में भरा गया। दोपहर को स्टेशन बजरिया का नजारा अन्य दिनों के मुकाबले काफी अलग दिखा। सभी दुकानों के सामने नीले व हरे रंग के दो-दो डस्टबिन दिखाई दे रहे थे। दोना, कागज, सिगरेट के फिल्टर, गुटखा आदि के पाउच तक दुकानदार डस्टबिन में डालने के लिए ग्राहकों से कह रहे थे।

साइन बोर्ड भी मशीन के माध्यम से पानी के फुहारों से साफ किए
रेलवे स्टेशन क्षेत्र व वहां से गुजर रहे लोगों को सफाई दिखे, इसके लिए यहां लगे साइन बोर्ड भी मशीन के माध्यम से पानी के फुहारों से साफ किए गए। साथ ही जिन स्थानों पर पुरानी गंदगी व दाग थे, जिन्हें पूरी तरह साफ कराया गया। जहां पानी भरा हुआ था, उसे भी मशीन के माध्यम से सुखा व हटवा दिया गया।

नहीं सुधरे तो 10 हजार का होगा चालान
नगर निगम के अपर आयुक्त अतेंद्र सिंह गुर्जर का कहना है कि स्वच्छता के लिए जनता के सहयोग के बिना कुछ नहीं हो सकता। सफाई अभियान अधिक तेज कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन स्थित लगभग सभी दुकानों के 500-1000 रुपये के चालन किए गए हैं। अगर व्यापारी नहीं समझेंगे तो 10 हजार रुपये तक के चालान भी किए जाएंगे। वहीं स्वच्छता अभियान के लिए नई धुन (जिंगल सांग) बनाने के लिए 4-5 लोगों को बोला है। धुन बनाने में अभी एक-दो दिन का समय लगेगा, जिसके बाद उसे रिकार्ड किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *