इलेक्ट्रिक गाड़ियां होंगी सस्ती, एक्सप्रेस-वे पर लगेंगे 6000 चार्जिंग स्टेशन, केंद्र सरकार ने मुहर लगाई
नई दिल्ली. देश के प्रमुख एक्सप्रेस-वे और हाई-वे पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग स्टेशन लगाने का काम शुरू होने वाला है। केंद्र सरकार ने 9 एक्सप्रेस-वे पर 6 हजार चार्जिंग स्टेशन लगाने पर मुहर लगा दी है। इनमें तीन हजार स्टेशन लगाने का काम जल्द पूरा होगा। वहीं सरकार एडवांस केमिस्ट्री सेल (एसीसी) की मैन्युफैक्चरिंग भारत में कराने पर विचार कर रही है। फिलहाल इससे आयात किया जाता है। इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल निर्माण लागत में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी केमिकल सेल की है। अगर यह देश में बनने लगी तो इलेक्ट्रिक गाड़ियों की कीमत कम होंगी।
चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना तैयार
भारी उद्योग मंत्रालय के मुताबिक चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना तैयार है। नौ एक्सप्रेस-वे में दिल्ली-आगरा, मुंबई-पुणे, आगरा-लखनऊ, अहमदाबाद-बडोदरा, बेंगलुरु-मैसुरु, बेंगलुरु-चेन्नई और ईस्टर्न पेरिफेरल शामिल है।
एसीसी बैटरी का निर्माण देश में संभव
वहीं एसीसी बैटरी की निर्माण शुरू होने से इलेक्ट्रिक गाड़ियों की निर्माण लागत कम होगी। इस सेल का निर्माण इस लिए संभव है, क्योंकि बैटरी में इस्तेमाल होने वाला 70 फीसद कच्चा माल भाक में उपलब्ध है। भारी उद्योग मंत्रालय ने इसके निर्माण के लिए इच्छुक कंपनियों से आवेदन भी मांगे हैं।
