जम्मू-कश्मीर में एक्टिव हैं 97 आतंकी, खात्मे के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने उठाया ये बड़ा कदम

जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में आतंक के नेटवर्क के संपूर्ण सफाए के लिए सुरक्षा एजेंसियां कमर कस चुकी हैं और कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में मौजूद आतंकियों की गिनती कर उनकी लिस्ट तैयार की जा रही है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने जम्मू कश्मीर के 9 इलाकों में मौजूद कुल 97 आतंकियों की पहचान की है, जो एक्टिव हैं। इन 97 आतंकियों में से 24 हिजबुल मुजाहिदीन, 52 लश्कर,11 अल बदर और 9 आतंकी जैश ए मोहम्मद संगठन से हैं।

पुलवामा में सबसे ज्यादा आतंकियों की मौजूदगी
कश्मीर के 9 इलाकों में सबसे ज्यादा आतंकी पुलवामा में हैं। पुलवामा में कुल 36 आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली हैं, इसमें 10 हिजबुल मुजाहिदीन,17 लश्कर, 4 अलबदर, 4 जैश के आतंकी हैं। उसके बाद शोपियां का नंबर हैं, जहां पर कुल 24 एक्टिव आतंकियों की जानकारी हैं, जिसमें हिजबुल मुजाहिदीन के 5, लश्कर के 14 और अलबदर के कुल 5 आतंकियों की जानकारी मिली है। इसी तरह कुलगाम में कुल 13 आतंकी, श्रीनगर में 8, अनंतनाग में 8 और बारामुला में कुल 5 आतंकियों की जानकारी मिली है। सुरक्षा एजेंसियां खुफिया इनपुट के आधार पर सभी आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन की तैयारी में लगी हुई हैं।

आतंकियों का सफाया करने में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
जम्मू-कश्मीर में चाहे आम लोगों को निशाना बनाने की बात हो या फिर सुरक्षाबलों पर हमले की। इसकी प्लानिंग से लेकर आतंकी संगठनों में कश्मीरी युवाओं की भर्ती की साजिश सीमा पार से रची जाती है। घुसपैठ कर लंबे समय से घाटी में छुपे पाकिस्तानी आतंकी लगातार कश्मीर में आतंक की साजिश को अंजाम देते रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां घाटी में छुपे सभी पाकिस्तानी आतंकियों के सफाए के लिए अब कमर कस चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *