प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल प्रवास पर 50 एकलव्य स्कूलों का भूमिपूजन और राशन आपके द्वार योजना लागू करेंगे
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश के जनजातीय समुदाय को कई सौगात देंगे। वे 50 एकलव्य स्कूलों का भूमिपूजन करेंगे। प्रदेश में लगभग 250 आवासीय एकलव्य स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया है। 167 स्कूल स्वीकत किए जा चुके हैं और 161 बनने की शुरुआत भी हो चुकी है। वहीं दूरदराज के गांवों से अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए राशन आपके द्वार योजना को 89 आदिवासी विकासखंडों में लागू करेंगे। इसका फायदा सात हजार 511 गांवों के हितग्राहियों को मिलेगा। अधिसूचित क्षेत्रों में साहूकार मनमाना ब्याज वसूल भी नहीं पाएंगे। इसके लिए साहूकार विनियम-1972 के संशोधन को लागू किया जाएगा।
20 युवाओं को वाहन की चाबी सौंपेंगे
20 युवाओं को ‘राशन आपके द्वार” योजना के तहत गांव-गांव तक राशन पहुंचाने के लिए वाहन की चाबी सौंपी जाएगी। ये वाहन स्थानीय युवाओं को सरकार ने बैंकों से ऋण उपलब्ध कराकर दिलवाए हैं। इन्हें 23 हजार से लेकर 31 हजार रुपये तक हर महीने प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शनिवार और रविवार को वाहन का वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए उपयोग भी कर सकेंगे। 23 लाख से ज्यादा हितग्राही योजना से लाभांवित होंगे।
