फोर्ड, वॉल्वो और मर्सिडीज समेत दुनिया की 6 बड़ी कंपनियों का ऐलान- 2040 से पेट्रोल-डीजल वाली गाड़ियां नहीं बनाएंगे
नई दिल्ली. ग्लोबल वॉर्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए दुनिया की 6 दिग्गज कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। इन कंपनियों ने यह फैसला ब्रिटेन के ग्लास्गो में चल रही सीओपी 26 की मीटिंग में लिया। इस फैसले को ग्लोबल वॉर्मिंग कम करने में एक सार्थक पहल के तौर पर देखा जा रहा है। समिट में 2040 तक पेट्रोल-डीजल से चलने वाली गैसों की बिक्री धीरे-धीरे खत्म करने का प्रस्ताव रखा गया था। फोर्ड, मर्सिडीज-बेंज, जनरल मोटर्स और वोल्वो सहित गाड़ी बनाने वाली करीब 6 बडी कंपनियां इस पर सहमत हो गईं। 31 देशों की सरकार ने धीरे-धीरे बंद बिक्री करने का ऐलान किया। हालांकि, टोयोटा, वोक्सवैगन और निसान-रेनॉल्ट जैसी कई बड़ी कार निर्माता कंपनियों ने इसे मानने से इनकार कर दिया है।
ग्लास्गो में शुक्रवार को खत्म होगी समिट
पर्यावरण बचाने के लिए पिछले 2 सप्ताह से ग्लास्गो में चल रही सीओपी 26 समिट शुक्रवार को खत्म हो जाएगी। इससे पहले बुधवार को जलवायु परिवर्तन पर नजर रखने वाली संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने एक ड्राफ्ट जारी किया है। इसमें सभी देशों से ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन कम करने के लक्ष्य पर फिर से विचार करने की अपील की गई है। जारी किए गए दस्तावेज एग्रीमेंट की एक शुरुआती रूपरेखा है। ग्लोबल क्लाइमेट समिट के बाद करीब 200 देशों के बीच इस पर करार होना है। शुक्रवार को समिट खत्म हो रही है।
