उर्दू में बात कर रहे 2 लोग मुकेश अंबानी के घर का पता पूछ रहे थे, टैक्सी ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने सुरक्षा बढाई
मुंबई. बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह कदम सोमवार को 2 संदिग्धों के एंटीलिया का पता पूछने के बाद उठाया गया है। संदिग्धों ने जिस टैक्सी ड्राइवर से अंबानी के घर का पता पूछा था, उसने ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके इसकी जानकारी दी है। ड्राइवर का कहना है कि दोनों उर्दू में बात कर रहे थे। टैक्सी ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि संदिग्धों के हाथ में एक बैग भी था। फिलहाल अधिकारी ड्राइवर से पूछताछ कर रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। संदिग्धों की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी है। आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।
उर्दू में बात कर रहे थे दोनों
टैक्सी ड्राइवर ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर बताया कि किला कोर्ट के सामने एक दाढ़ी वाले व्यक्ति ने उससे एंटीलिया का पता पूछा। वह सिल्वर कलर की वैगन आर में सवार था। उसकी दाढ़ी बढ़ी हुई थी और उसके साथ एक दूसरा व्यक्ति भी था। दोनों उर्दू में बात कर रहे थे। उनके पास एक बैग भी था। पुलिस ने उस इलाके की सीसीटीवी फुटेज मंगाई है। चारों तरफ नाकेबंदी कर दी गई है।
