अहमदनगर जिला अस्पताल के आईसीयू में लगी आग, 10 की मौत
अहमदनगर. महाराष्ट्र के अहमदनगर के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे आईसीयू में आग लगने से 10 लोगों की जान चली गई। मौके पर दमकल की कई गाडियां आग बुझाने में जुटी रही। अस्पताल में एडमिट मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इस दौरान अस्पताल में रखे आग बुझाने के उपकरण नाकाम रहे जिससे आग बढ़ गई। बता दें कि आग सुबह 11.30 बजे के आसपास लगी। जिस दौरान यह आग लगी उस समय आईसीयू वार्ड में 20 लोग मौजूद थे। आईसीयू में कई मरीज ऐसे भी थे जो वैंटिलेटर पर थे। हॉस्पिटल के वार्ड बॉय, नर्स और डॉक्टर्स ने सभी मरीजों को सेफ वॉर्ड में शिफ्ट किया। जिस वॉर्ड में आग लगी, वह अस्पताल के बिलकुल बीच में हैं।
आग लगने पर पहले अस्पताल के अग्निशमन यंत्र से इस पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन यह असफल रहा। इसके बाद अहमदनगर नगर निगम और एमआईडीसी दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक, मौके पर दमकल विभाग के कर्मचारी, पुलिसकर्मी और अस्पताल प्रबंधन के लोग राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे। प्रारंभिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
