लाल टिपारा गौशाला में 25 फीट ऊंचे गोवर्धन की पूजा अर्चना हुई

ग्वालियर. लाल टिपारा स्थित मप्र की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला में शुक्रवार को 11 टन गोबर से 25 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाकर गोवर्धन उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल व निगमायुक्त किशोर कन्याल के साथ ही प्रेमानंद महाराज, पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह समेत बड़ी संख्या में गौ सेवकों ने उपस्थित होकर गोवर्धन की पूजा की और अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया। गोवर्धन पूजा का महत्व गाय, पर्वत, नदियां, प्रकृति आदि की रक्षा एवं पूजा करने से है। यह पर्व मनुष्य को प्रकृति की रक्षा व उसकी पूजा करने की प्रेरणा देता है।
गौशाला में प्रतिवर्ष होती गोवर्धन पूजा
गौशाला में प्रतिवर्ष होने वाली गोवर्धन पूजा को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थी, गौशाला के संरक्षक ऋषभ देवआनंद ने अपनी देखरेख में इस विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण कराया है। इसमें 11 टन गोबर लगा है और इसे मथुरा के गोवर्धन पर्वत की तरह दर्शाया गया है। शुक्रवार को दीपावली के दूसरे दिन विधि विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगायी गयी। सनातन धर्म में मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने ऋषि के श्राप और इन्द्र के प्रकोप से गोकुलधाम को मुकत करने के लिये गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठा लिया था और उसे पूज्य बना दिया था। वहीं, ऋषि के श्राप से भी गो पर्वत को मुक्ति दिलाई तभी से लोग गोवर्धन पूजा करते हैं। यह दीवाली के दूसरे दिन होती है। इस दिन सीजन की आने वाली नई सब्जियां को मिलाकर अन्नकूट का प्रसाद बनाया जाता है। यह सात्विक भोजन और पूजा पाठ हमें कोरोना जैसी महामारियों से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है।

दुल्लपुर में भी 253 परिवार के सदस्य एक जगह करते हैं पूजन
ग्वालियर शहर में दूसरे सबसे बड़े गोवर्धन की पूजा दुल्लपुर गांव में होती है, यहां गुर्जर समुदाय के 253 परिवाराें के सदस्य एक साथ गोवर्धन की पूजा अर्चना कर सुख शांति समृद्धि की कामना करते हैं। यहां सैकड़ों लोग एक साथ पूजन करते हैं, तो वह दृश्य भी देखने लायक होता है। यहां भी काफी बड़े गोवर्धन बनाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *