पटाखों के बाद दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण, दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी, लोगों को सांस लेने में तकलीफ

नई दिल्ली. दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर लगे प्रतिबंध के बाद भी पूरे देश में आतिशबाजी हुई। लोगों ने दिल खोल कर पटाखे चलाए, कुछ अपनी खुशी के लिए तो कुछ नियमों का मजाक उड़ाने के लिए, लेकिन सुबह होते ही पटाखों का असर साफ दिखने लगा। दिल्ली का प्रदूषण स्तर खतरनाक के पार चला गया है। लोगों को गले में जलन महसूस हो रही है और आंखों से पानी आ रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार तक हालात में बदलाव आने की कोई संभावना नहीं है।

नियमों को ताक पर रखकर लोगों ने चलाए पटाखे
शुक्रवार सुबह दिल्ली के जनपथ में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर मापी गई। पीएम 2.5 का स्तर 655.07 तक पहुंच गया। सरकारी मानकों के मुताबिक, पीएम 2.5 का स्तर 380 के ऊपर जाना ही गंभीर माना जाता है। दिल्ली सरकार ने पटाखों की ब्रिकी और उन्हें जलाने पर पाबंदी लगाई थी, लेकिन लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम सड़कों पर पटाखे फोड़े।

999 तक पहुंचा पीएम 2.5 का स्तर
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार सुबह पीएम 2.5 का स्तर 999 मापा गया। यह स्तर दिल्ली में पॉल्यूशन मीटर मापने की ऊपरी सीमा है, यानी यह संभव है कि असल आंकड़ा इससे कहीं ऊपर रहा होगा। दिल्ली से सटे शहरों में भी पटाखों ने अपना असर दिखाया। गुरुवार रात 9 बजे ही फरीदाबाद में पीएम स्तर 424, गाजियाबाद में 442, गुरुग्राम में 423 और नोएडा में 431 पहुंच गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *