ग्वालियर में जोश और हर्षोल्लास के मनाई गयी दीपावली, घर-घर दीप जले, आसमान में दिखाई रंगी बिरंगी आतिशबाजी

ग्वालियर. पूरे हर्षोल्लास और जोश के साथ रोशनी के पर्व दिवाली मनायी गयी है। घर-घर में दीपक जलाये गये, इन दीप की रोशनी ने एक बार फिर शहर शहर के लोगों के जीवन में खुशियां बिखेरी है। पिछले 2 वर्ष से कोविड़ के साये में सभी त्योहारों का रंग हल्का रहा था। वर्ष 2020 की दीपावली भी शहर के लोगों के लिये बड़ी मुश्किल भरी रही थी। इस बार दीपावली पर कोरोना के हालात काबू में हैं। अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज तो लग ही चुकी है। यही वजह है कि घर-घर में खुशी का वातावरण है। गुरूवार की रात शहर के आकाश में रंग बिरंगी रोशनी की आतिशबाजी और पटाखों के शोर ने बता दिया कि इस बार दीपावली पूरे जोश और खुशी के साथ मनायी जा रही है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने बड़े व शोर वाले पटाखों पर रोक लगायी थी। इसलिये शोर वाले पटाखे कम ही चले हैं।

अमावस्या के दिन दीपावली श्री महालक्ष्मी पूजा एवं दीपोत्सव

कार्तिक कृष्णपक्ष अमावस्या के दिन दीपावली श्री महालक्ष्मी पूजा एवं दीपोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष दीपावली पर अमावस्या तिथि का प्रारंभ आज (गुरुवार) को सुबह 6.03 बजे से हो गया था। यह तिथि देर रात 2.44 बजे तक रही। विशेष बात यह है कि इस दीपावली पर तुला राशि में सूर्य, मंगल, चंद्र, बुध की युति होने के कारण चतुर्ग्रही योग बना रहा। इसके साथ ही सुबह 7.41 बजे से स्वाति नक्षत्र का प्रारंभ हो गया था जो शाम 5 बजे तक रहा। रात 8 बजे तक प्रदोष बेला में शहर के घर-घर श्रीमहा लक्ष्मी का पूजन हुआ और दीप जलाए गए। इस बार विशेष मुहूर्त होने और दीपावली के दिन स्वाति नक्षत्र में सूर्य, चंद्र, मंगल इन ग्रहों का भ्रमण रहने से यह दीपावली विद्युत, दूरसंचार, पेट्रोलियम पदार्थ एवं राजनेताओं के लिए, कूटनीतिज्ञ, सर्जन, प्राण रक्षक औषधि निर्माण करने वाले या उससे जुड़े लोगों के लिए काफी लाभकारी मानी गई है।

पुलिस ने रखी चप्पे-चप्पे पर नजर
लोग सुकून से दीपावली का त्योहार मना सके इसके लिए पुलिस भी अपने स्तर पर सतर्क रही। शहर में 500 अतिरिक्त जवान लगाए गए थे। साथ ही थाना बल भी अलर्ट था। पुलिस की मोबाइल लगातार इलाकों में गश्त करते हुए नजर आ रही थीं। जिससे असामाजिक तत्व किसी को अपना शिकार न बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *