ग्वालियर-सिंगरौली में पटाखे फोड़ने पर पाबंदी
भोपाल. दिवाली की रात राजधानी भोपाल, इंदौर समेत मध्य प्रदेश के 21 जिलों में 2 घंटे ही आतिशबाजी करने की परमिशन रहेगी। यहां रात 8 से 10 बजे के बीच सिर्फ ग्रीन पटाखे ही फोड़े जा सकेंगे। वहीं ग्वालियर-सिंगरौली में पटाखे फोड़ने पर पाबंदी रहेगी। 29 जिलों में जरूर पटाखे चलाने पर कोई रोक-टोक नहीं रहेगी। वहीं अगर आदेश का उल्लंघन हुआ तो धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। भोपाल में प्रशासनिक टीमें घूमकर नजर रखेगी। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने इस संबंध में 2 दिन पहले ही आदेश जारी कर दिए थे।
मप्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने भी प्रदेशभर के लिए गाइडलाइन जारी की है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश के आधार पर दीपावली पर पटाखों की परमिशन के लिए 2020 के नवंबर महीने की हवा के औसत स्तर को आधार बनाया है। पिछले साल जिन शहरों में पटाखों के कारण प्रदूषण घातक स्तर पर पहुंच गया था, वहां इस बार नई गाइडलाइन जारी की गई है। भोपाल में दिवाली के अलावा गुरु पर्व और क्रिसमस को लेकर भी पटाखे चलाने का समय तय कर किया गया है।
यह भी प्रतिबंध
सिर्फ ग्रीन पटाखे या रिड्यूस्ड इमिशन यानी कम आवाज वाले पटाखों का ही निर्माण, भंडारण, परिवहन, बेचने और उपयोग किया जा सकेगा। लड़ी यानी जुड़े हुए पटाखे प्रतिबंधित रहेंगे। बेरियम साल्ट के उपयोग वाले पटाखे नहीं चला सकेंगे। पटाखे जिनकी तीव्रता विस्फोटक स्थल से 4 मीटर की दूरी पर 125 डेसीबल (ध्वनि माप) से अधिक हो, वे प्रतिबंधित रहेंगे। घोषित शांति क्षेत्र से 100 मीटर की दूरी तक पटाखे नहीं चलाए जा सकेंगे।
