ग्वालियर में धनतेरस पर रात 2 बजे तक सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रोनिक्स शोरूम पर बम्पर खरीदारी हुई, करोड़ों का कारोबार हुआ

ग्वालियर. 2 साल से कोविड के साए के बीच ग्वालियर का बाजार मंदा रहा था लेकिन इस बार कोविड को भूल कर बाजार में लोग जमकर खरीदारी कर रहे है। मंगलवार को धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रोनिक्स और ऑटो मोबाइल सेक्टर में बम्पर खरीदारी हुई है। रात 10 बजे तक लश्कर, मुरार और उपनगर के बाजारों में यह हाल था कि पैर रखने के लिए तक जगह नहीं थी। बाजारों में रात तक करोड़ों का कारोबार हुआ। व्यापारियों का कहना था कि धनतेरस पर रात 9 बजे के बाद तो सराफा बाजार में कारोबार शुरू होता है हालांकि प्रशासन ने रात 2 बजे तक बाजार की अनुमति दी। रात 2 बजे हूटर बजने के साथ बाजार बंद कराए जाएंगे लेकिन परम्परा यही है कि धनतेरस पर पूरी रात बाजार खुले रहते है और कारोबार होता है।

शाम घरों में दीप जलाकर धनवंतरी की पूजा की गई
जानकारीके अनुसार मंगलवार को त्रिपुष्कर योग में धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीप उत्सव की शुरूआत हो गई है। त्रिपुष्कर योग में धनतेरस पड़ने से यह दिन ज्यादा शुभ फल प्रदान करने वाला माना जाता है। इस बार दीपावली चतुर्ग्रही योग में मनाई जाएगी इसके साथ ही प्रदोष काल में यह दीपदान भी किया जाएगा। इस बार पीतल, चांदी खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। मंगलवार शाम घरों में दीप जलाकर धनवंतरी की पूजा की गई। घर के दरवाजे और मंदिरों में दीप जलाकर रखे गए। वहीं खातों का पूजा की गई। धनतेरस पर सबसे ज्यादा चलन खरीदारी का रहता है। इस बार की धनतेरस पर सोना-चांदी, पीतल खरीदना काफी शुभ और फलदायी बताया गया है। यही कारण है कि मंगलवार रात 10 बजे लश्कर, मुरार व उपनगर ग्वालियर के सराफा में बाजार पूरे यौवन पर था। ज्वैलरी शॉप, बर्तन की दुकानों में भीड़-भीड़ नजर आ रही थी।

अकेले महाराज बाड़ा पर 250 पुलिसकर्मी लगाए गए
शहर में धनतेरस पर शहर के लोग मन भरकर खरीदारी करें, इसके लिए पुलिस कप्तान अमित सांघी ने पूरे इंतजाम किए थे। शहर के लश्कर, मुरार व उपनगर ग्वलियर के सराफा बाजारों में पुलिस, ट्रैफिक, वन विभाग, एनसीसी कैडेट सहित करीब 750 जवान व अफसर तैनात किए जा रहे हैं। अकेले महाराज बाड़ा पर ही 250 पुलिसकर्मी और वन विभाग व एनसीसी कैडेट लगाए गए हैं। इसके साथ मुरार और ग्वालियर के बाजारों में पुलिस और ट्रैफिक जवानों को तैनात किया गया था। खुद एसपी अमित सांघी पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। बाजार के अलावा थाना पुलिस सड़कों पर तैनात रही। जिससे बाजारों से खरीदारी कर लौट रहे लोगों के साथ कोई घटना न घटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *