डबरा देहात पुलिस को मिली सफलता, इंटर स्टेट लुटेरा गैंग पकड़ी, 3 लूट की वारदात का खुलासा हुआ

ग्वालियर. धनतेरस के मौके पर किसी व्यापारी को टारगेट करने आए इंटरस्टेट गैंग के तीन बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा गया है, एक साथी अभी फरार है। पकड़े गए बदमाशों से कट्‌टे, चाकू व बाइक सहित नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में मुनीम से सवा लाख रुपए की लूट सहित 3 वारदात खुल गई हैं। अभी पुलिस पकड़े गए लुटेरों से पूछतछ कर रही है। शहर की भी कुछ वारदात खुलने की संभावना है। इसके अलावा भितरवार में भी लूट करने के बाद घेराबंदी कर पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को पकड़ा है।

क्या है पूरा मामला
एएसपी देहात जयराज कुबेर व एसडीओपी डबरा विवेक शर्मा ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश वारदात को अंजाम देने आने वाले है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बनाई जिसमें एसआई शुभम शर्मा, एएसआई चन्दन सिंह धाकड़, नंदकिशोर झा, आरक्षक अरुण शर्मा, रामबरन लोधी, शैलेन्द्र शर्मा और राजेश रावत को बदमाशों को पकड़ने का टास्क दिया। जिस पर पुलिस ने लाल पहाड़िया डबरा देहात इलाके में चैकिंग लगाई और तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। एक साथी बदमाशों का भागने में सफल रहा। पुलिस पकड़ में आए बदमाशों की तलाशी में दो कट्टा, एक चाकू, 28 हजार रुपए बरामद हुए हैं। बदमाशों की पहचान राघवेन्द्र बघेल, राजकुमार बघेल उर्फ कल्ला और राजपाल बघेल पुत्र किशनपाल बघेल निवासी दतिया के रूप में हुई है।

अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने 15 मई को बेरखेड़ा तिराहा पर शीतलानी स्पेयर पार्ट्स के मुनीम से हुई 1 लाख 10 हजार 350 रुपए की लूट के साथ ही दबोह आलमपुर में दंपती से गहने लूटने व एक बाइक लूट की वारदात कुबूल की है। पुलिस ने उनसे पूछताछ के बाद 28500 रुपए नकदी व बाइक बरामद कर ली है। शहर की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *