रतनगढ़ माता के ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे श्रृद्धालु, ट्रैक्टर-ट्राली से सवारी ढोना रहेगा प्रतिबंधित

ग्वालियर दीपावली पर्व की दौज 5 एवं 6 नवम्बर को माँ रतनगढ़ मंदिर पर आने वाले श्रृद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की संभागायुक्त आशीष सक्सैना ने गुरूवार को गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा की। साथ ही संबंधित जिलो के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गूगल मीट में आईजी ग्वालियर अविनाश शर्मा, डीआईजी चंबल रेंज सचिन अतुलकर व डीआईजी ग्वालियर राजेश हिंगणकर, कलेक्टर दतिया संजय कुमार, कलेक्टर शिवपुरी अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक दतिया अमन सिंह राठौर, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी सहित उत्तर प्रदेश झांसी के डीएम रविन्द्र कुमार, जालौन की डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन, एसएसपी झांसी शिवहरी मीणा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं व्यवस्था से जुड़े विभागों के अधिकारियों से चर्चा की गई।
संभागायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया सहित अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों से लोगों को जानकारी दी जाए। रतनगढ़ माता पर पहुंचने वाले मार्ग पर सिंध नदी पर बना पुल बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त होने से उस मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रृद्धालुओं को बताया जाए कि माँ रतनगढ़ के आनलाईन दर्शन की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। दर्शन के लिए आने वाले श्रृद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली का उपयोग न करें। ट्रैक्टर ट्राली से सवारी ढोना पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि माता मंदिर मागों पर श्रृद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य और वाहनों को हटाने के लिए क्रेन आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मंदिर परिसर में सकरी जगह होने पर स्थान-स्थान पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएँ। इस दौरान कोविड गाईड लाईन का भी पालन कराया जाए।
कलेक्टर दतिया संजय कुमार ने बताया कि झांसी, छतरपुर, रीवा आदि स्थानों से आने वाले श्रृद्धालु दतिया होते हुए डबरा-पीछोर मार्ग से मंदिर पहुंच सकेंगे। जबकि ग्वालियर मुरैना आदि स्थानों से आने वाले लोग बेहट मार्ग से और जालौन, इटावा से आने वाले लोग भिण्ड़ लहार से होते हुए खमरौली होकर पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि 5 नवम्बर की रात्रि 12 बजे से ही श्रृद्धालुओं का आना शुरू हो जायेगा। स्थानीय स्तर पर एवं समीपवर्ती जिलों में प्रचार-प्रसार कर लोगों को बताया गया है कि कोविड के कारण इस बार भी मेले का आयोजन नहीं किया जा रहा है। दर्शन करने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कोविड-19 की गाईड लाईन का पालन करना होगा।
संभागायुक्त अधिकारियों के साथ रतनगढ़ का भ्रमण करेंगे
संभागायुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 29 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रतनगढ़ का भ्रमण कर माँ रतनगढ़ मंदिर परिसर व वाहन पार्किग पहुंचकर मार्ग पर व्यवस्थाओं आदि का जायजा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *