राज्यसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू; CM हाउस में BJP कोर ग्रुप की बैठक

भोपाल. केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। इसके साथ ही आज से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य बने थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था, लेकिन इस्तीफे के बाद यह सीट रिक्त हो गई। अब उपचुनाव के जरिए इस सीट पर नए सदस्य का चयन होगा।

BJP कोर ग्रुप की बैठक सीएम हाउस में हुई। - Dainik Bhaskar
सीएम हाउस में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई
राज्यसभा चुनाव को लेकर आज सीएम हाउस में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में कोर ग्रुप में शामिल 19 में से 16 सदस्य शामिल हुए। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और आंध्रप्रदेश के प्रभारी अरविंद सिंह भदौरिया को छोड़कर बाकी नेता शामिल हुए। इस बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर मप्र के संभावित नामों पर चर्चा हुई।
पार्टी ने अब तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की
इस सीट के संभावित दावेदारों में तमिलनाडु भाजपा की पूर्व विधायक वनथी श्रीनिवासन का नाम भी सामने आया है। हालांकि, पार्टी ने अब तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ज्यादा संभावना एमपी के बाहर के नेता की ही है। वहीं एमपी के नेताओं में पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक आशीष अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और पूर्व मंत्री रंजना बघेल के नाम चर्चा में हैं।
229 विधायकों के वोट से तय होगा चुनावी गणित
मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं। कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। ऐसे में 229 विधायकों के आधार पर चुनावी गणित देखा जा रहा है। राज्यसभा की एक सीट के लिए जीत का कोटा निर्धारित नियमों के अनुसार तय होगा। बीना विधायक निर्मला सप्रे की स्थिति भी अहम है। वे खुद को कांग्रेस में बताती हैं, लेकिन भाजपा के कार्यक्रमों में भी नजर आती रही हैं। दलबदल से जुड़े मामले के कारण उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसलिए उनके वोट को लेकर तस्वीर साफ होने के बाद ही दोनों दलों की प्रभावी संख्या का सटीक आकलन हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *