जम्मू-कश्मीर से हार्डकोर आतंकी दूसरे राज्यों की जेल में भेजने शुरू, 26 आतंकियों का पहला ग्रुप रवाना
जम्मू कश्मीर. अचानक बढ़ी आतंकी घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती शुरू हो गई है, इसके लिए केंद्र शासित प्रदेश की जेलों में बंद ए और बी कैटेगरी के हार्डकोर आतंकियों को दूसरे राज्यों की जेलों में शिफ्ट किया जा रहा है। कश्मीर घाटी की अलग-अलग जेलों में बंद 26 आतंकियों का पहला ग्रुप दूसरे राज्यों की जेलों के लिए रवाना कर भी दिया गया है।
100 आतंकियों के नाम हैं शिफ्टिंग लिस्ट में
सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की विभिन्न जेलों में बंद ऐसे 100 आतंकियों की लिस्ट तैयार की गई है, जो सुरक्षाबलों की तरफ से तैयार की गई ए और बी कैटेगरी के आतंकियों की लिस्ट में शामिल हैं। ये आतंकी जेल में रहकर भी बाहर अपने स्लीपर सेल के साथ लिंक जोड़े हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि हालिया आतंकी घटनाओं को जेल में बंद ऐसे ही आतंकियों ने अपरोक्ष तरीके से स्लीपर सेल के जरिए अंजाम दिलाया है या घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों की मदद अपने स्लीपर सेल से कराई है। सूत्रों के मुताबिक, 30 आतंकी ए कैटेगरी में जबकि 70 आतंकी बी कैटेगरी में रखे गए हैं। सुरक्षा बलों ने इनके जेलों से फरार होने का खतरा जताया था।
26 आतंकियों को चार्टर्ड प्लेन से रवाना किया
इन 100 आतंकियों की लिस्ट में से सबसे 26 आतंकियों को दूसरे राज्यों की जेल में भेजा जा रहा है। ये 26 आतंकी कश्मीर घाटी की विभिन्न जेल में बंद थे, जहां से उन्हें निकालकर हाई सिक्योरिटी के बीच श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंचा दिया गया है। वहां से इन आतंकियों को चार्टर्ड प्लेन के जरिये दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है।
