ग्वालियर मास्टर प्लान 2035, हाइवे पर बढ़ेंगी सुविधाएं, सुरक्षा के होंगे इंतजाम

ग्वालियर. शहर के चारों तरफ से निकले हाइवे पर आने वाले वक्त में सुविधाएं व सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जाएंगे। मास्टर प्लान-2035 में प्रावधान किया गया है कि इन हाइवे पर जनसुविधा, पुलिस स्टेशन, चेकिंग प्वाइंट आदि की व्यवस्थाएं बढ़ानी होंगी। ताकि, उन हाइवे पर लाेगों को सुरक्षित व सुविधाजनक सफर मिल सके। ग्वालियर शहर आगरा-मुंबई, दिल्ली, कानपुर आदि बड़े शहरों को जोड़ने वाले सभी हाइवे से जुड़ा हुआ है। इसलिए मास्टर प्लान में इन हाइवे पर सुविधाओं के विस्तार को शामिल किया है। कुछ हाइवे इटावा हाइवे को 4 लेन और आगरा हाइवे को 6 लेन किए जाने की तैयारी चल रही।

इनमें से आगरा हाइवे का प्रस्ताव भारत माला प्रोजेक्ट के तहत केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय में विचाराधीन है और इटावा हाइवे के लिए एमपीआरडीसी द्वारा डीपीआर के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक वीके शर्मा ने कहा कि शहर हर बड़े हाइवे से जुड़ा है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहनों की संख्या काफी रहती है। इन हाइवे के चौड़ीकरण की तैयारी शासन स्तर पर चल रही है। मास्टर प्लान में इन हाइवे पर सुरक्षा, जनसुविधाएं आदि के इंतजाम जुटाने का प्रस्ताव रखा गया है।

ट्रक टर्मिनल बनने के साथ खुलेंगे पुलिस थाने
ट्रक टर्मिनल: हर हाइवे पर मानकों के अनुरूप ट्रक टर्मिनल/ ले बाई होना जरुरी होती है। ताकि, ड्रायवर अपना ट्रक सड़क किनारे नहीं बल्कि इन निर्धारित स्थानों पर पार्किंग में खड़ा करें। लेकिन ग्वालियर से गुजरे हाइवे पर ये व्यवस्था फिलहाल नहीं है। इसलिए हर हाइवे पर ट्रक टर्मिनल प्रस्तावित किए गए हैं।

चार्जिंग स्टेशन: नए मास्टर प्लान के अनुसार हाइवे पर चार्जिंग प्वाइंट प्रस्तावित किए गए हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि, इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। दूसरे वाहन चालक गाड़ियों की बैटरी भी यहां चार्ज कर सकेंगे। इन चार्जिंग प्वाॅइंट पर निर्धारित शुल्क लगेगा।

सुरक्षा: हाइवे पर रात में पेट्रोलिंग गश्त व चेकिंग प्वाॅइंट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। पुलिस थाने शुरू करना प्रस्तावित है। ताकि, हाइवे पर अपराधों में कमी आ सके। दुर्घटना के वक्त लोगों को जल्द पुलिस की मदद मिले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *