केरल में बाढ़ से तबाही, लैंडस्लाइड में 21 की मौत, 8 लापता, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
केरल. लगातार हो रही भारी बारिश से हालात काफी बिगड़ गए है, राज्य में बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है और 8 लापता है। इनमें से 13 की मौत कोट्टायम तो 8 लडुक्की में हुई है। पठानमथिट्टी के पहाड़ी इलाके बाढ़ से ज्यादा प्रभावित हैं। वहीं मीनाचल और मनीमाला में नदियां उफान पर है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में कई लोग घायल हुए है साथ ही कई लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। यहां तक कि कई जिलों में बांध अपनी पूरी क्षमता के करीब पहुंच गए हैं। राज्य के पहाड़ी इलाकों में कई छोटे कस्बे और गांव बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट गए हैं।
तिरुवनंतपुरम, कोल्लम समेत इन 11 जिलों में यलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और कोझीकोड जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों के लिए भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वायुसेना के जवान राहत और बचाव कार्य में जुटे
इंजीनियरिंग और मेडिकल यूनिट के साथ कन्नूर से सेना के जवानों का दल बचाव कार्यों के लिए वायनाड पहुंच गया है। बेंगलुरु से इंजीनियरिंग टास्क फोर्स के जल्द ही वायनाड पहुंचने की उम्मीद है। सेना की ओर से अब तक कुल 3 कॉलम तैनात किए गए हैं। राहत सामग्री के साथ नेवी चॉपर के जरिए बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा जारी है। वायुसेना स्टेशन शंगमुघम में वायु सेना के 2 हेलिकॉप्टर एमआई-17 स्टैंडबाय पर हैं।

