मन्नत पूरी तरने जा रहे दतिया के 11 लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी, मौके पर हुई मौत

झांसी. देर रात एक नहर में डूबने से 11 लोगों की मौत हो गई, इनमें 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल है। सभी मरने वाले मध्य प्रदेश के दतिया जिले के रहने वाले है। ये सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, रास्ते में ट्रैक्टर के सामने अचानक एक दूसरा ट्रैक्टर आ गया उसके कट से ट्रॉली पलट गई और नहर में जा गिरी। नहर में पानी होने और ट्रॉली के नीचे दबने से 11 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के भांडेर रोड पर हुआ।

क्या है पूरा मामला
पंडोखर के रहने वाले पवन दोहरे और अनिल अपने भाई सुनील सहित अन्य 17 लोगों के साथ झांसी के छिरौना गांव में बने देई बाबा मंदिर जा रहे थे। इन्हें नवरात्रि पर जवारे मंदिर में अर्पित करना था। भाई सुनील ने बताया कि पवन और अनिल को बच्चे नहीं हो रहे थे। इनकी शादी को करीब 6 से 7 साल हो गए थे। परिवार ने देई बाबा मंदिर में संतान होने पर जवारे चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। करीब डेढ़ साल पहले अनिल को बच्चा हुआ। जिसका नाम उन्होंने अवि रखा। 9 महीने बाद अनिल के घर भी किलकारी गूंजी। इसके बाद परिवार नवमी को जवारे चढ़ाने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ निकला था।

दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ा
ग्रामीण मान सिंह ने बताया कि हादसे में सुनील दोहरे ने अपनी मां मुन्नीदेवी, बहू पूजा, बेटी कर्षा, डेढ़ साल के भतीजे अवि और 2 साल की भांजी परी को हमेशा के लिए खो दिया। सुनील की पत्नी अर्चना हादसे में घायल है। सुनील का कहना है कि दो लोगों की सांसें चल रही थीं। यदि एंबुलेंस में ऑक्सीजन होती तो उनकी जान बच जाती। करीब एक घंटे बाद पुलिस प्रशासन का अमला पहुंचा। दतिया कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि सभी के नियमानुसार सहायता राशि के प्रकरण तैयार किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *