ग्वालियर में हर्षोल्लास से मनाया गया दशहरा, जीवाजी क्लब में 40 फीट का रावण जलाया

ग्वालियर. बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व (दशहरा) शुक्रवार को हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। शहर की गली-गली में बच्चें ने रावण के पुतले फंूके मगर जीवाजी क्लब में रात करीब 9 बजे 40 फीट का रावण, जबकि दीनदयाल नगर में 35 फीट का रावण बुराई के प्रतीक के तौर पर धूं-धूं कर जलाया गया। जीवाजी क्लब में हुए आयोजन में केवल सदस्य ही शामिल हुए। वहीं दीन दयाल (डीडी) नगर स्थित रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जो भगवान श्री राम द्वारा रावण वध के प्रतीक के तौर पर रावण पुतला दहन के साक्षी बने।

विजयादशमी के अवसर पर सुबह से ही लोगों द्वारा एक दुसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं देने का दौर शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। लोगों ने मुलाकात कर, फोन पर व फेसबुक, वाट्सएप आदि के माध्यम से एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। वहीं दशहरे के उपलध्य में लोगों ने एक दूसरे को पान भी खिलाया। लोगो ने परंपरानुसार शमी के पेड़ का पूजन भी विधिविधान के साथ किया। लोगों ने दशहरा के अवसर पर बच्चों का अक्षर लेखन, घर या दुकान का निर्माण, गृह प्रवेश, व्यापार का आरंभ, नामकरण, कर्ण छेदन, यगोपवित संस्कार और भूमि पूजन आदि कार्य किए। अस्त्र-शस्त्रों की सफाई कर उनका पूजन किया गया। दुकानों में औजारों, मशीनों व कल-कारखानों में भी दशहरे के अवसर पर विशेष पूजन किया गया। मशीनों को तिलक लगाया गया, कलावा बांधा गया, नारियल फोड़कर प्रसाद बांटा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *