सिंघु बॉर्डर पर युवक की हत्या के 15 घंटे बाद एक निहंग सरबजीत सिंह ने सरेंडर किया

नई दिल्ली. सिंघु बॉर्डर पर युवक की हत्या के 15 घंटे बाद एक निहंग ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। कुंडली थाने से पुलिस की एक टीम शाम 6 बजे सिंघु बॉर्डर पर निहंगों के डेरे में पहुंची। सोनीपत के डीएसपी वीरेंद्र राव की अगुआई वाली इस टीम के कुछ मेंबर सीधे निहंगों के साथ उनके पंडाल में चले गए जबकि बाकी पुलिस वाले पंडाल के बाहर खड़े रहे। इस टीम में सोनीपत सीआईए के इंचार्ज योगेंद्र यादव भी शामिल थे। निहंगों के डेरे में सरबजीत सिंह नाम के निहंग ने पुलिस टीम के सामन सरेंडर किया। युवक की हत्या शुक्रवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे हुई थी।

डीएसपी वीरेंद्र राव की अगुआई में पुलिस टीम के साथ सरबजीत सिंह शाम 6.15 बजे डेरे से गुरू ग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए निकला इस दौरान वहां मौजूद निहंगों ने बोले सो निहाल के नारे भी लगाए। सरेंडर से पहले सरबजीत सिंह को सिरोया पहनाया गया। यह केसरिया रंग का वस्त्र होता है जिसे सम्मान का प्रतीक माना जाता है। सरेंडर के बाद सरबजीत ने कहा कि यह किसान आंदोलन का नहीं बल्कि गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला है।

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- सीएम खट्टर
इधर, सिंघु बॉर्डर की घटना पर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास में हाई लेवल मीटिंग हुई। इसमें गृह मंत्री अनिल विज, पुलिस महानिदेशक समेत सीनियर अफसर शामिल हुए। मीटिंग में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराई गई
पुलिस ने मारे गए युवक का शव सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने मृतक लखबीर का पोस्टमॉर्टम किया। कुंडली थाना पुलिस ने इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई है। सिविल अस्पताल में मृतक युवक का कोई भी परिजन नहीं पहुंचा। इससे पहले पूरे कुंडली को पुलिस छावनी बना दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *