मप्र में बिजली संकट बढा, उमरिया में संजय गांधी पावर प्लांट की 500 मेगावाट की यूनिट बंद
उमरिया. मध्यप्रदेश में बिजली संकट बढ़ सकता है। उमरिया जिले के बिरसिंहपुर में संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट की 500 मेगावाट की यूनिट गुरुवार रात 22:45 पर बॉयलर ट्यूब लीकेज होने के कारण ठप हो गई। यहां बताते चले कि यह यूनिट 27 दिन पहले कैपिटल ओवरहालिंग के बाद चालू हुआ था। अभी 1340 मेगा वाट में मात्र 425 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
मध्यप्रदेश के थर्मल प्लांट सहित पूरा बिजली उत्पादन 40 फीसदी तक आ गया है, बाकी 60 फीसदी बिजली सेंट्रल सेक्टर से लेनी पड़ रही है। उसकी भी एक लिमिट है उससे ज्यादा बिजली ले नहीं सकते, अगर ली तो कंपनियों पर जुर्माना लगेगा और इसकी भरपाई बिजली महंगी करके होगी। यह भार भी कस्टमर पर ही पड़ेगा, यानी एक तरफ कुआं तो दूसरी तरफ खाई वाला मामला है।
दो वजहों से पनपा कोयला संकट
कोयले की कमी की वजह से दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में बिजली संकट गहरा गया है। देश के कई इलाकों में इस साल देर तक हुई वर्षा की वजह से भी कोयला सप्लाई में रूकावट आई है। इन 2 वजहों से बिजली उत्पादन क्षेत्र दोहरे दबाव में हैं। इसके चलते कोयला आधारित बिजली सयंत्र अपनी क्षमता के आधे से भी कम बिजली का उत्पादन कर रहे हैं।
