मप्र उपचुनाव में हिंदुत्व की दिखेगी झलक, दशहरा पर विजय संकल्प ध्वज फहराएगी बीजेपी
भोपाल. मध्य प्रदेश में एक लोकसभा और तीन विस सीटों पर हो रहे चुनाव में निर्वाचन आयोग सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच करेगा। इसके बाद 13 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। 14 अक्टूबर तक चारों सीटों पर उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद 15 अक्टूबर से राजनीतिक दलों का चुनावी प्रचार गति पकड़ेगा। बीजेपी ने दशहरा के दिन 15 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में विजय संकल्प ध्वज (पार्टी का झंडा) फहराने का निर्णय लिया है।
बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के सभी नेता किसी एक जगह पहुंचकर विजय संकल्प भगवा ध्वज फहराएंगे। पार्टी का हर कार्यकर्ता भी इस दिन जीत का संकल्प लेकर ध्वज फहराएगा। समिति के अध्यक्ष एवं नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन में केंद्रीय नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि अभी यह बता पाना मुश्किल है कि कौन-कौन से नेता मध्य प्रदेश आएंगे। बैठक में तय हुआ है कि नवमी के दिन हर बूथ पर लाड़ली लक्ष्मी का पाद पूजन किया जाएगा। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जाएगा। जिन्हें योजनाओं से लाभ मिला है, उन हितग्राहियों से संपर्क कर बताया जाएगा कि भाजपा सरकार ही उनके हित में फैसले ले रही है।
