आर्यन खान समेत 8 आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मुंबई. क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में मुंबई की किला कोर्ट ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन समेत सभी 8 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एनसीबी ने सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों की 11 अक्टूबर तक कस्टडी मांगी थी, लेकिन अदालत ने कस्टडी देने से इनकार कर दिया। अब आर्यन की जमानत अर्जी पर शुक्रवार सुबह 11 बजे सुनवाई होगी।
भीड़ इतनी थी कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल
आज सुनवाई तकरीबन 4 घंटे चली। इस दौरान आर्यन पसीने में तर-बतर तकरीबन सवा तीन घंटे एक जगह खड़े रहे। इस दौरान उनके चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी। आज का दिन आर्यन के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, इसलिए इस केस की सुनवाई को देखने सैंकड़ों की संख्या में जूनियर और सीनियर वकील, कोर्ट नंबर 8 में मौजूद थे। भीड़ इतनी थी कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल था। पेंडमिक एक्ट लगे होने के बावजूद कोर्ट में मौजूद लोग एक-दूसरे से चिपक कर खड़े नजर आए। हालांकि, ज्यादातर के चेहरे में मास्क था, लेकिन तकरीबन 4 घंटे चली इस सुनवाई के दौरान अदालत पूरी तरह से खचाखच भरी रही।
सुनवाई से पहले आर्यन ने अपने वकील से की बात
दोपहर तकरीबन 2.55 बजे आर्यन अन्य आरोपियों के साथ अदालत परिसर में पहुंचे और 3.15 के आसपास एनसीबी ने उन्हें एडिशन मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आर एम निरलेकर की अदालत में लाया गया। पेशी से पहले आर्यन तकरीबन 45 मिनट एक चेंबर में भी रहे। अदालत की सुनवाई जैसे ही शुरू हुई आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने कोर्ट से अपने मुवक्किल से बात करने का समय मांगा। इसपर मजिस्ट्रेट ने उन्हें 2 मिनट का समय दिया। इसके बाद मानशिंदे आर्यन के साथ अदालत के बाहरी हिस्से में पहुंचे और दो मिनट तक आर्यन से बात करते रहे। मानशिंदे के लौटने के बाद अदालत की सुनवाई शुरू हुई और आर्यन खान कोर्ट में मौजूद अन्य अभियुक्तों के साथ जाकर खड़े हो गए। अदालत में भीड़ बहुत ज्यादा थी, इस वजह से कोर्ट में मौजूद तीन पंखे वहां खड़े और बैठे लोगों को गर्मी से राहत देने में नाकाम साबित हो रहे थे। तकरीबन एक घंटे की सुनवाई के बाद आर्यन भी पसीने-पसीने हो गए और उन्हें अपने सिर पर लगी टोपी को निकालना पड़ा। अदालत द्वारा ज्युडिशियल कस्टडी में भेजे जाने के फैसले के बाद लगभग सभी के चेहरे पर तनाव कम होता नजर आया। अदालत के फैसले के बाद कुछ आरोपी आपस में बात करते हुए भी नजर आए।

