सम्राट मिहिर भोज के मामले में 4 पुलिस कर्मी निलंबित, जानिये क्या है मामला

मुरैना. मप्र के मुरैना जिले में 2 दिन पूर्व सम्राट मिहिर भोज के पोस्टर फाड़ने वालों को खड़े होकर देखने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। 4 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह वहीं पुलिसकर्मी है जो सड़क किनारे लगे सम्राट मिहिर भोज के पोस्टर फाड़ते उपद्रवियों का तमाशा देखते रहें। लेकिन उन पर कोई कार्यवाही नहीं की है। एसपी ललित शाक्यवार ने कार्यवाही करते हुए इन्हें निलंबित किया है। यह चारों पुलिसकर्मियों को सिटी कोतवाली थाना में तैनात हैं।
क्या है पूरा मामला
मुरैना में सम्राट मिहिर भोज की जाति को लेकर विवाद चल रहा है। इस मुद्दे पर गुर्जर और क्षत्रिय समाज आमने-सामने आ गया है और दोनों ही ओर से सोशल मीडिया पर एक दूसरे पर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। गुरूवार को मुरैना में क्षत्रिय समाज के लोगों ने आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच क्षत्रिय समाज के कुछ लोगों ने गुर्जर समाज द्वारा लगाई गयी होर्डिंग्स को फाड़ दिया है। इसके साथ ही उपद्रवियों ने दूसरे समाज के बारे में गलत टिप्पणी भी की। इस दौरान कोतवाली थाने में 2 एएसआई, एक हवलदार व एक आरक्षक वहां उपस्थित रहें थे। लेकिन वह सब तमाशबीन बने खड़े देखते रहें। जिसके चलते पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने उनके खिलाफ कार्यवाही की है।
कैसे शुरू हुआ झगड़ा
8 सितम्बर को ग्वालियर नगरनिगम ने शिवपुरी लिंक रोड पर सम्राट मिहिर भोज की एक प्रतिमा स्थापित की है। इस प्रतिमा की शिला पट्टिा पर गुर्जर सम्राट मिहिर भोज लिखा हुआ है। इस पर क्षत्रिय समाज ने आपत्ति जताई थी। क्षत्रिय समाज का दावा है कि सम्राट मिहिर भोज गुर्जर नहीं थे और साथ ही क्षत्रिय समाज का यह भी कहना है कि महापुरूषों की प्रतिमाओं पर उनकी जाति का उल्लेख करना भी ठीक नहीं है। दोनों ही समाज सम्राट मिहिर भोज को अपनी-अपनी जाति का बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *