ग्वालियर की सड़कें कौन कराएगा ठीक, नगर निगम-पीडब्ल्यूडी एक दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी, कोर्ट पहुंचा मामला
ग्वालियर. शहर में सड़कों को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासी हलचल का माहौल बना रहा वहीं अब ये मामला कोर्ट तक जा पहुंचा तो इस बात को लेकर कन्फ्यूजन हो गई कि सड़कों की मरम्मत नगर निगम करवाएगा या पीडब्ल्यूडी विभाग। दोनों विभाग कह रहे हैं कि मरम्मत का काम उनका नहीं, दूसरे विभाग का है। दरअसल, ग्वालियर की खराब हुईं सड़कों को ठीक करवाने के लिए हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका पिछले दिनों दायर की गई थी। कोर्ट ने निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को खस्ताहाल सड़कों को लेकर जवाब मांगा था।
निगम बोला सड़कें पीडब्ल्यूडी विभाग की
हाईकोर्ट के सवाल पर नगर निगम ने बताया था कि उनके दायरे में जितनी भी सड़कें आती हैं, वे उन्हें दुरुस्त करने में लगे हुए हैं लेकिन पॉश इलाके, सिटी सेंटर, न्यू कलेक्ट्रेट, सचिन तेंदुलकर मार्ग, सन वैली रोड की सड़कों को निगम ने पीडब्ल्यूडी का बताया था जबकि पीडब्ल्यूडी ने अपना जवाब पेश करते हुए कहा कि इन सड़कों पर सुधार का काम नगर निगम का है।
30 सितंबर के बाद तेजी से होगा काम
ग्वालियर संभागायुक्त ने कहा कि फिलहाल 30 सितंबर तक बारिश का अनुमान है। यही कारण है कि वर्क थोड़ स्लो चल रहा है जैसे ही मानसून विदा होगा सड़कों को ठीक करने में तेजी लाई जाएगी।

