ग्वालियर में कड़ी सुरक्षा में सम्राट मिहिर भोज, उपद्रव के बाद 30 पुलिस जवान 24 घंटे करेंगे प्रतिमा की निगरानी, वज्र वाहन भी तैनात

ग्वालियर. प्राचीन भारत के शासक सम्राट मिहिर भोज जिन्होंने विशाल सेना के बल पर बड़े-बड़े राजा-महाराजा को धूल चटा दी थी। अब उनकी प्रतिमा की सुरक्षा में 30 पुलिस जवान व एक थाना प्रभारी 24 घंटे तैनात रहेगा। वज्र वाहन भी तैनात किया गया है। कारण है कि सैकड़ों साल बाद सम्राट की जाति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुर्जर और राजपूत क्षत्रिय दोनों सम्राट पर अपना-अपना दावा जता रहे हैं। शनिवार रात कोर्ट के आदेश पर जब पुलिस और प्रशासन की टीम सम्राट की प्रतिमा पर लगी शिला पटि्टका को ढंकने पहुंची, तो गुर्जर समुदाय ने उपद्रव मचा दिया। इन्हें काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले तक दागे गए।

रविवार सुबह फिर उपद्रव की आशंका थी। इस पर 400 से ज्यादा जवान अफसरों ने प्रतिमा स्थल और उसके आसपास के इलाके को घेर लिया था। चिरवाई नाका का पुलिस छावनी में तब्दील कर दी गई इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीमों ने समाज के लोगों से बात कर शांति बनाए रखने की मांग की है।

24 घंटे रहेगा पुलिस बल
सम्राट की प्रतिमा के आसपास पुलिस बल 24 घंटे तैनात रहेगा। एसपी ग्वालियर ने 30 जवान और एक थाना प्रभारी स्तर का अधिकारी को 24 घंटे निगरानी में रखा है। ड्यूटी बदलने पर दूसरी टीम चार्ज संभालेगी। इसके अलावा दिन रात वज्र वाहन वहीं खड़ा रहेगा, जिसमें आंसू गैस के फायर करने की गन व अन्य हथियार तैयार रहेंगे।

क्या है जाति विवाद
नगर निगम की कार्य परिषद में 14 दिसंबर 2015 को ठहराव प्रस्ताव लाया गया था। इसमें सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा को स्थापित करने का उल्लेख है, लेकिन कहीं भी गुर्जर सम्राट शब्द का जिक्र नहीं है। 8 सितंबर को नगर निगम द्वारा शीतला माता रोड चिरवाई नाका चौराहा पर सम्राट मिहिर भोज महान की प्रतिमा का अनावरण किया था। यहां प्रतिमा की पटि्टका पर सम्राट मिहिर भोज के आगे गुर्जर शब्द जोड़कर उन्हें गुर्जर सम्राट मिहिर भोज नाम दिया गया। इस पर राजपूत क्षत्रिय समाज ने विरोध प्रकट किया।

दोनों समुदाय एक-दूसरे के सामने आए। यहीं से सम्राट मिहिर भोज की जाति को लेकर विवाद शुरू हो गया। क्षत्रिय महासभा का तर्क है कि सम्राट मिहिर भोज राजपूत क्षत्रिय हैं। इसके संबंध में उन्होंने इतिहास कारों के लेख, शिलालेख व नागौद के परिहार वंश के सबूत भी रखे हैं, तो इसके जवाब में अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा ने भी तर्क रखा है। उन्होंने कुछ पुराने शिलालेख, विदेशी यात्रियों के आत्मकथा व कई ग्रंथों में सम्राट को गुर्जर होने का जिक्र किया है।

कोर्ट के आदेश के बाद भड़का था आक्रोश
बीते 15 दिन में गुर्जर समुदाय, क्षत्रिय समाज कई बार चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन कर चुके हैं। यही नहीं सम्राट गुर्जर थे या राजपूत क्षत्रिय यह बहस ग्वालियर से निकलकर पड़ोसी शहर भिंड, मुरैना सहित उत्तर प्रदेश के भी कई शहरों तक पहुंच गई है। दो दिन पहले पुलिस और जिला प्रशासन ने दोनों दलों को साथ बैठाकर सुलह कराई थी। कहा था कि मामला न्यायालय में है, वही सम्राट की जाति का फैसला करेंगे। शनिवार को कोर्ट का फैसला आया, जिसमें सम्राट किसके थे, उसके लिए कमेटी बनाई। जब तक कमेटी की रिपोर्ट पर फैसला नहीं होता, सम्राट के आगे लगी शिला नाम पटि्टका को ढंकने के निर्देश दिए। जब पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें वहां पहुंची तो वहां सैकड़ों की संख्या में गुर्जर समाज के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उनको खदेड़ा।

पुलिस की निगरानी में सम्राट मिहिर भोज
रविवार सुबह से चिरवाई नाका सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा स्थल के आसपास पुलिस ने 400 जवान व अफसर तैनात कर दिए थे। इसमें पुलिस लाइन के बल के अतिरिक्त एसएएफ की दो कंपनियां भी शामिल थीं। पूरे इलाके में बड़ी फोर्स थी। इसके बाद पुलिस ने फिर गुर्जर समुदाय के लोगों को विश्वास में लेकर बात की। बताया कि अभी कोर्ट का फैसला नहीं आया है। यह मामला विचाराधीन है। फैसला नहीं आने तक यह व्यवस्था है। जिसका पालन करना चाहिए। इसके बाद गुर्जर समाज के नेताओं ने उपद्रव न करने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद फोर्स को कम करना शुरू कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *