महंगा होगा सिलेंडर, सब्सिडी खत्म कर सकती है सरकार

भोपाल. त्योहारों से पहले आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ने की आशंका है. सरकार घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी पूरी तरह खत्म कर सकती है. मध्यप्रदेश के लोगों के लिए यह दोहरा झटका हो सकता है. अन्य राज्यों की तुलना में टैक्स ज्यादा होने के कारण प्रदेश में पेट्रोल—डीजल के दाम पहले से ही ज्यादा हैं. सिलेंडर के दाम बढ़ने से मुसीबत और बढ़ जाएगी. केंद्र सरकार घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म कर सकती है. बताया जाता है कि जल्द ही ग्राहकों को प्रति गैस सिलेंडर के लिए 1,000 रुपए चुकाने पड़ सकते हैं. आने वाले दिनों में कभी भी यह फैसला लिया जा सकता है. ऐसे में ग्राहकों को परेशानी बढ़ना तय है.

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने जबलपुर में उज्जवला गैस योजना के अंतर्गत कई कनेक्शन भी बांटे थे. यहां करीब 5 हजार महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन दिया गया था. अब इन महिलाओं को सिलेंडर लेना महंगा पड़ेगा. योजना में पहला सिलेंडर तो फ्री मिलता है लेकिन बाद में इसे खरीदना होता है. हालांकि एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को सब्सिडी जारी रखी जा सकती है. केंद्र सरकार द्वारा मई 2020 में ही कुछ जगहों पर घरेलू एलपीजी पर सब्सिडी खत्म की जा चुकी है. वर्तमान नियमानुसार 10 लाख रुपए से ज्यादा सालाना इनकम वालों को एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी का फायदा नहीं मिलता है.

प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में पिछले दो साल में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी हुई है. इसी वित्तीय वर्ष में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ही सिलेंडर की कीमतें करीब 10 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं. इस साल भोपाल में 14.2 किलो के गैस सिलेंडर की न्यूनतम कीमत 815.00 रुपए थी जोकि अब 890.50 रुपए पर पहुंच चुकी है. वित्तीय वर्ष 2020—21 में यह उच्चतम कीमत भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *