एटीएम लूटने का मामला-एटीएम का चेस्ट नहीं तोड़ पाये नकाबपोश, पुलिस जुटी तलाश में
ग्वालियर. एक बार फिर बदमाशों ने एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने का प्रयास किया। घटना को अंजाम देने के लिये बदमाशों ने मशीन ऊपरी हिस्सा तो तोड़ दिया, लेकिन चेस्ट तोड़ने में कामयाब नहीं हुए। घटना मोहना स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ की है। घटना का पता गुरूवार को उस वक्त लगा जब स्टाफ बैंक पहुंचा। स्टाफ ने एटीएम मशीन टूटी देखी तो प्रबंधन को सूचना दी। पहले बैंक प्रबंधन ने जांच की और सीसीटीवी कैमरे चेक किये तो 3 संदिग्ध दिखाई दिये। तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला
कॉस्मो वैली निवासी महेन्द्रसिंह पुत्र भीकमसिंह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) मोहना में शाखा प्रबंधक है। बुधवार की रात को वह बैंक का काम खत्म कर वापिस घर आ गये थे। सुबह जब बैंक पहुंचे तो पता चला कि बैंक के पास ही लगे एटीएम में तोड़फोड कर कैश चोरी का प्रयास किया गया है लेकिन चेस्ट न टूटने की वजह से घटना टल गयी है। जिस पर बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद एटीएम में रखा कैश बच जाने पर राहत की सांस ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।
3 लुटेरों ने किया था एटीएम लूटने का प्रयास
बैंक प्रबंधन व पुलिस ने जब एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि रात को लगभग 1.52 बजे 3 नकाबपोश बदमाशों ने एटीएम में घटना को अंजाम देने के लिये प्रवेश किया और तोड़फोड की। जब चेस्ट तोड़ने में असफल हुए तो वह वहां से भाग निकले। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी हुई है वारदात
यह पहला मौका नहीं है जब ATM तोड़कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया है। इससे पहले भी बदमाशों ने इस तरह वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया है, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आते हैं। एक बार तो सिथौली स्थित बैंक का ATM मशीन ही बदमाश उखाड़ ले गए थे, हालांकि इस मामले में पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा भी था, लेकिन उनसे अन्य वारदातों का खुलासा नहीं हो सका।

