गुजरात बीजेपी में कलह, भूपेंद्र पटेल सारे मंत्री बदलना चाहते हैं, इससे पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल नाराज, रूपाणी भी नाखुश
गुजरात. मंत्रिमंडल विस्तार से पहले भाजपा में कलह शुरू हो गई है, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल और भूपेंद्र सिंह चुडासमा नाराज बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार नाराजगी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के कैबिनेट विस्तार को लेकर ही है। यह भी पता चला है कि नितिन पटेल ने मंगलवार रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला से भी मुलाकात की और दोनों के बीच लंबी बातचीत भी चली।
कांग्रेस के पूर्व सीएम से भी मुलाकात की
यह भी जानकारी मिली है कि नितिन पटेल ने मंगलवार की रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला से मुलाकात भी की है और दोनों के बीच लंबी बातचीत भी हुई है। इसे लेकर भाजपा हाईकमान परेशान है।
कुर्सी पर खतरा मंडराया, तो खफा हुए नितिन
भूपेंद्र पटेल पूरी कैबिनेट बदलना चाहते हैं, यानी 27 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। फोकस नए चेहरों और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर है। यह भी कहा जा रहा है कि डिप्टी सीएम नितिन पटेल को केवल मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किए जा सकता है। इसके पीछे कारण भी है। दरअसल, भूपेंद्र पटेल और नितिन पटेल दोनों ही पाटीदार समाज से हैं। ऐसे में सीएम और डिप्टी सीएम पर एक ही समाज के चेहरे बैठाने से हाईकमान भी बचना चाह रही है। नितिन की नाराजगी यहीं से शुरू होती है। भूपेंद्र सिंह चूडासमा को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। कौशिक पटेल भी खतरे के दायरे में हैं। तीनों ही विजय रूपाणी के करीबी हैं तो वे भी नाराज ही हैं।
