मप्र राज्यसभा उपचुनाव में निर्वाचन आयोग आज जारी करेगा अधिसूचना, 22 सितंबर तक दाखिल होंगे नामांकन

भोपाल. राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग आज अधिसूचना जारी करेगा इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया विधानसभा में शुरू हो जाएगी। यह सीट केंद्रीय मंत्री रहे थावरचंद गेहलोत के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। गहलोत अभी कर्नाटक गर्वनर है। इसी सीट के लिए 4 अक्टूबर को वोटिंग होगी। विधानसभा में बहुमत को देखते हुए इस सीट पर बीजेपी का जीतना लगभग तय है, फिलहाल बीजेपी उम्मीदवार का नाम सामने नहीं आया है।

मोदी कैबिनेट में कई नए मंत्री हैं, जो लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों के सदस्य नहीं हैं। इसमें से किसी एक को एमपी के कोटे से राज्यसभा सांसद बनाने की संभावना ज्यादा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, रिक्त सीट के उम्मीदवार के संबंध में केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। दूसरी तरफ, कांग्रेस अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगी या नही? इसको लेकर पार्टी की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

बीजेपी का कब्जा रहेगा बरकरार
जानकारों के मुताबिक विधानसभा में दल की स्थिति के मुताबिक बीजेपी का इस सीट पर कब्जा बरकरार रहेगा, क्योंकि विधानसभा में बीजेपी बहुमत में है। जबकि कांग्रेस के 95 सदस्य हैं। इसके अलावा 4 निर्दलीय, बसपा के दो और सपा की सदस्य संख्या एक है। बता दें, विधानसभा में कुल 230 में से 3 सीट खाली है। पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र की सीटें विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुईं है।

बीजेपी में कई दावेदार
बीजेपी में राज्यसभा की एक सीट के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। पार्टी नेताओं का दबाव है कि गहलोत अनुसूचित जाति वर्ग से थे, इसलिए रिक्त हुए आधे कार्यकाल के लिए यह सीट इसी वर्ग से ही भरी जाए। यदि इस बारे में विचार आगे बढ़ा तो भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य को राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। आर्य पहले मप्र की शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे हार गए थे। इसके अलावा भी भाजपा के कई बड़े दावेदार राज्यसभा सीट की दौड़ में हैं। उनमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस सहित कई अन्य शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *