संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने किया

ग्वालियर संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट जाने वाले मार्ग पर हैरीटेज थीम पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत भव्य प्रवेश द्वार बनाया गया है। प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारतसिंह कुशवाह ने बुधवार को इस प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा खुशी की बात है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर की तर्ज पर ग्वालियर शहर से जुड़े ग्रामों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। बाहर से आने वाले पर्यटकों को इस प्रवेश द्वार के निर्माण से संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट पहुँचने में आसानी रहेगी।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ग्वालियर-बेहट सड़क मार्ग पर मोहनपुर ग्राम से आगे फ्लाईओवर के समीप इस भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण लगभग साढ़े 22 लाख रूपए की लागत से किया गया है। लगभग 9 मीटर ऊँचाई एवं 15 मीटर चौड़ाई में हैरीटेज थीम पर नैनोकोटिंग के साथ यह आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया गया है। स्मार्ट सिटी द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये मूर्तरूप दिए जा रहे विकास कार्यों की कड़ी में तानसेन की जन्मस्थली मार्ग पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है। प्रवेश द्वार के लोकार्पण अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह एवं एसडीएम श्रीमती पुष्पा पुषाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *