मुंबई में तीसरी लहर, अगस्त की तुलना में सितंबर के पहले हफ्ते में कोरोना के 18 प्रतिशत ज्यादा केस मिले, गणेश पंडालों में भक्तों की एंट्री बैन

मुबंई. 10 सितंबर से शुरू होने जा रहे गणेशोत्सव के बीच मुंबई में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। मेयर किशोरी पेडनेकर ने तो यहां तक कह दिया है कि मुंबई में तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। सितंबर के पहले हफ्ते में मुंबई में कोरोना के कुल मामलों में करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले हफ्ते के दौरान यहां 2,939 नए मामले सामने आए हैं। अगस्त के पहले हफ्ते से इसकी तुलना करें तो यह आंकड़ा तकरीबन 18 प्रतिशत ज्यादा है। 1 अगस्त से 7 अगस्त के बीच मुंबई में 2,413 नए मामले सामने आए थे।

बीएमसी ने चेताया है कि अगले 15 दिन बहुत अहम साबित होने वाले हैं। बीएमसी ने गणेशोत्सव के दौरान गणेश पंडालों में भक्तों के जाने पर पाबंदी लगा दी है। नागपुर में भी कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है, यहां भी दुकानों के खोलने के समय में बदलाव किया गया है। अब यहां सिर्फ 4 बजे शाम तक ही दुकानें खुलेंगी।

लोगों से घर पर रहकर गणेशोत्सव मनाने की अपील
मुंबई की मेयर ने कहा है- हमने गणेशोत्सव के दौरान सिर्फ अपने घर पर रहकर त्योहार मनाने का फैसला किया है। मेरी मुंबइकरों से अपील है कि वे ‘मेरा घर, मेरे वप्पा’ और ‘मेरा मंडल, मेरे वप्पा’ के तहत घर में ही गणेशोत्सव मनाएं। सभी अपने-अपने घर में वप्पा की पूजा-अर्चना करें। उन्होंने कहा कि मंडल वालों ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए गणेशोत्सव मनाने का आश्वासन दिया है। हर मंडल में 10 चुने हुए लोग पूरा कामकाज देखेंगे।

मुंबई में गणेश पंडालों में भक्तों की एंट्री बैन
संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने 10 दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव के दौरान कड़ी पाबंदियों का ऐलान किया है। बीएमसी के नए सर्कुलर के मुताबिक, गणेश पंडालों में अब भक्तों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। आयोजकों को ऑनलाइन माध्यम से दर्शन का इंतजाम करना होगा। बीएमसी ने कहा है कि आयोजकों को फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ-साथ केबल और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था करनी चाहिए।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 3,898 नए मामले सामने आए और 86 लोगों की मौत हुई है, जिससे राज्य में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64 लाख 93 हजार 698 हो गई और मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख 37 हजार 897 पहुंच गया है। सोमवार की तुलना में मंगलवार को मृतकों की संख्या में मामूली वृद्धि देखी गई।

सोमवार को राज्य में कोविड-19 के 3,626 नए मामले आए और 37 मौतें हुई थीं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 3,581 मरीज ठीक भी हुए, इसे लेकर ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 63 लाख 04 हजार 336 हो गई। अभी भी 47,926 मरीजों का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र में मरीजों के ठीक होने की दर 97.08 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 2.12 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *